उझानी। स्पेशल इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (एसआईबी) की टीम ने प्रतिष्ठान श्याम मोहन स्वीट्स व कैटरिंग का सर्वे करने के लिए छापा मारा। टीम ने दस्तावेज जब्त कर उनका मिलान शुरू कर दिया है। लाखों रुपये की टैक्स चोरी का शक जताया गया है। टीम ने बुधवार रात तक जांच की। इसके बाद बरेली लौट गई। अब टीम एक-एक कागज की जांच कर रही है।
एसआईबी के अपर आयुक्त ग्रेड-2 आशीष निरंजन के नेतृत्व में टीम ने बुधवार अपराह्न स्टेशन रोड स्थित श्याम मोहन स्वीट्स के प्रतिष्ठान में छापा मारा। देर रात करीब 11 बजे तक टीम ने स्टॉक के अलावा मौजूद खाद्य सामग्री के रेट आदि के जरिये पूर्व की खरीद-फरोख्त, बिक्री का पता लगाने के लिए सर्वे किया।
कार्रवाई के दौरान टीम ने प्रतिष्ठान से जुड़ी उनकी सह फर्म श्याम मोहन कैटरिंग के बिल भी चेक किए। शुरुआती मिलान के दौरान अधिकारियों को खामियों का शक हुआ तो प्रतिष्ठान से आय और व्यय के दस्तावेज भी कब्जे में ले लिए गए। सालाना आय को लेकर भी टीम ने प्रतिष्ठान मालिकों से पूछताछ की है।
श्याम मोहन स्वीट्स प्रतिष्ठान से कब्जे में लिए गए दस्तावेजों के मिलान का काम बृहस्पतिवार अपराह्न तक एसआईबी के बरेली स्थित कार्यालय में चला। खामियों के बारे में विभागीय स्तर से शाम तक कोई विशेष जानकारी स्पष्ट नहीं की है, लेकिन लेनदेन में लाखों रुपये की गड़बड़ी होने का शक जताया है।
खामियां उजागर होने के बाद ही प्रतिष्ठान मालिकों को नोटिस देकर तलब किया जाएगा। इसके विपरीत प्रतिष्ठान मालिक श्याम वार्ष्णेय ने बताया कि वह लेनदेन और स्टॉक में कोई खामी नहीं पाई गई है। जीएसटी भी वह उसी के अनुरूप जमा करते हैं।
श्याम मोहन स्वीट्स व उससे जुड़ी कैटरिंग फर्म के प्रतिष्ठानों पर जीएसटी को लेकर सर्वे कार्रवाई की गई है। शुरूआत जांच में कुछ खामियां सामने आई हैं। उसी के आधार पर दस्तावेजों का मिलान किया जा रहा है। दस्तावेजों के मिलान में गड़बड़ी पाई जाती है तो कार्रवाई होगी। - आशीष निरंजन, अपर आयुक्त, ग्रेड- 2