बदायूं। सहसवान कोतवाली में तत्कालीन दरोगा अमित चौधरी व हेड मुहर्रिर गीतम सिंह के खिलाफ पिस्टल व कारतूस गायब होने के मामले में रिपोर्ट दर्ज की गई है। दोषी पाए जाने पर दोनों को जेल भेजा जाएगा। मामला दर्ज होने के बाद इंस्पेक्टर सौरभ सिंह ने विवेचना शुरू कर दी है।
हेड मुहर्रिर गीतम सिंह के सेवानिवृत्त होने पर दूसरे हेड मुहर्रिर सुधीर कुमार को जनवरी 2024 में चार्ज मिला। जब मिलान किया गया तो एक पिस्टल और 10 कारतूस गायब थे। उस समय दर्शाया गया है कि तत्कालीन दरोगा अमित चौधरी को यह दिए गए थे। एसआई अमित का 2019 में गौतमबुद्ध नगर को स्थानांतरण हो गया है। रजिस्टर पर हेड मुहर्रिर और दरोगा के हस्ताक्षर थे। पिस्टल नंबर 18203257 था।
मामले की जानकारी होने पर तत्कालीन सीओ ने जांच शुरू की थी। जांच के बाद दोनों को दोषी माना और एसएसपी को जांच आख्या सौंपी। एसएसपी ने रिपोर्ट दर्ज करने का आदेश दिया। सहसवान इंस्पेक्टर सौरभ सिंह ने गौतमबुद्धनगर में तैनात दरोगा अमित चौधरी और जिला बरेली के थाना सुभाष नगर क्षेत्र के मोहल्ला बालाजी नगर निवासी सेवानिवृत्त हेड कांस्टेबल गीतम सिंह के खिलाफ सरकारी संपत्ति के गबन के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कर विवेचना शुरू की है।
एसएसपी गौतमबुद्धनगर को कराया अवगत
गौतमबुद्धनगर के एसएसपी को पत्र भेजकर मामले से अवगत कराया गया है। एसएसपी डॉ. बृजेश कुमार सिंह ने बताया कि पिस्टल और कारतूस गायब होने का मामला सामने आया है। जांच में दरोगा और सेवानिवृत्त हेड मुहर्रिर दोषी मिले हैं। दोनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। जांच की जा रही है। इसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।