कुंवरगांव। थाना क्षेत्र में मारपीट और चाकू से हमले के एक मामले में पुलिस की अनदेखी के बाद पीड़ित को न्यायालय की शरण लेनी पड़ी। न्यायालय के हस्तक्षेप के बाद पुलिस ने नामजद व अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शहर के चित्रांश नगर निवासी सचिन कुमार पुत्र कमल सिंह (मूल निवासी हस्तिनापुर, मेरठ) ने न्यायालय में दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि 21 फरवरी की शाम करीब 5 बजे वह कुंवरगांव से दवा लेकर लौट रहे थे। आरोप है कि सियाराम कन्या इंटर कॉलेज के पास उनकी बाइक रोक ली गई। पीड़ित के अनुसार मेरठ निवासी छत्रपाल, उसकी पुत्री अंजू, नरेंद्र, ममता पत्नी नरेंद्र और दो अज्ञात व्यक्तियों ने उसे घेर लिया।
रुपयों के लेनदेन को लेकर कहासुनी के बाद विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान एक आरोपी ने चाकू से हमला कर दिया, जिससे उसके बाएं हाथ में गंभीर चोट आई।
पीड़ित ने बताया कि घटना के बाद वह थाना कुंवरगांव पहुंचा, लेकिन पुलिस ने न तो उसकी रिपोर्ट दर्ज की और न ही मेडिकल परीक्षण कराया। पीड़ित ने जिला अस्पताल में उपचार कराने के बाद वरिष्ठ अधिकारियों को भी प्रार्थनापत्र भेजा, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इससे आहत होकर उसने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया। न्यायालय के आदेश पर अब पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी राजेश कौशिक ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।