बरेली। प्रदेश के विभिन्न जिलों में क्रीड़ा छात्रावासों में प्रवेश के लिए होने वाली प्रतियोगिताओं के लिए जिम्नास्टिक, तैराकी, कुश्ती, हॉकी, वॉलीबॉल, फुटबॉल, बैडमिंटन, टेबल-टेनिस प्रतियोगिता के लिए मंडल स्तरीय ट्रायल बृहस्पतिवार को स्पोर्ट्स स्टेडियम में हुए। इनमें 12 और 15 वर्ष से कम आयु के खिलाड़ियों ने शामिल होकर दमखम दिखाया। फिजिकल फिटनेस टेस्ट और स्किल टेस्ट के परिणामों के आधार पर मंडल की टीम का चयन हुआ।
फिजिकल फिटनेस टेस्ट में 20 से ज्यादा अंक लाने वाले खिलाड़ियों का ही स्किल टेस्ट हुआ। फुटबॉल में राम प्रताप शर्मा, अंश सिंह और हर्ष कुमार का चयन हुआ। हॉकी में आयुष कुमार, तौहीद अहमद, फैजिल, सौरभ, दीपक गंगवार को चुना गया।
वॉलीबाॅल में सात खिलाड़ियों ने भाग लिया। इनमें से मो. उजैर, निखिल वर्मा, सार्थक चौहान, मो. आमिर खान, ईशान रजा खान, मो. रेहान खान का चयन हुआ। वहीं, जिम्नास्टिक, कुश्ती, तैराकी, बैडमिंटन और टेबल टेनिस में एक भी खिलाड़ी ट्रायल के लिए नहीं पहुंचा। संवाद
क्रिकेट प्रतियोगिता के लिए मंडल स्तरीय ट्रायल आज
बरेली। छह से आठ मार्च तक कानपुर में आयोजित होने वाली क्रिकेट प्रतियोगिता के लिए सुबह 11 बजे से मंडल स्तरीय ट्रायल होंगे। खिलाड़ियों का चयन उनके फिजिकल फिटनेस टेस्ट और स्किल टेस्ट के प्रदर्शन के आधार पर किया जाएगा। फिजिकल फिटनेस टेस्ट में 20 से ज्यादा अंक लाने वाले खिलाड़ियों का ही स्किल टेस्ट होगा। आरएसओ जितेंद्र यादव ने बताया कि जिला स्तर पर चयनित खिलाड़ियों के लिए आज मंडल स्तरीय ट्रायल आयोजित किए जा रहे हैं। संवाद