बदायूं जिले में गांव फतेहनगला निवासी गजेंद्र सिंह के घर में बृहस्पतिवार को बिजली मीटर में शॉर्ट सर्किट हो गया, जिससे आग लग गई। आग से काफी सामान जल गया।
बदायूं के सैदपुर विद्युत उपकेंद्र क्षेत्र के गांव फतेहनगला निवासी गजेंद्र सिंह के घर में लगे विद्युत मीटर में शॉर्ट सर्किट होने से बृहस्पतिवार को अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कमरे में रखा घरेलू सामान जलकर राख हो गया। पीड़ित के मुताबिक हादसे में लगभग एक लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
विज्ञापन
आग की चपेट में आकर कमरे में रखा फ्रिज, वाशिंग मशीन, रजाई-गद्दे, कपड़े, चारपाई सहित अन्य घरेलू सामान पूरी तरह जल गया। इसके साथ ही एटीएम कार्ड और पर्स में रखी नकदी भी आग में नष्ट हो गई। घटना के समय कमरे में गजेंद्र सिंह की तीन वर्षीय मासूम बच्ची सो रही थी। परिजनों ने समय रहते आग लगने की जानकारी होने पर तत्परता दिखाते हुए बच्ची को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जिससे वह बाल-बाल बच गई।
यदि कुछ मिनट की भी देरी होती तो बड़ा हादसा हो सकता था। आग की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पीड़ित परिवार ने उपजिलाधिकारी बिसौली को प्रार्थना पत्र देकर नुकसान का आंकलन कराते हुए क्षतिपूर्ति दिलाए जाने की मांग की है।