उझानी में मारपीट की शिकायत करते मीटर रीडर। संवाद
उझानी। पंखा रोड बाजार में एक दुकान के मीटर की रीडिंग स्कैन कर बिल निकालते समय कहासुनी के बाद दुकानदार ने मीटर रीडर पर हमला कर दिया। आरोप है कि मीटर रीडर की पिटाई कर उसकी मशीन और मोबाइल फोन छीनकर तोड़ दिया। इसके बाद जुटे मीटर रीडरों ने कोतवाली जाकर पुलिस को अवगत कराया। घटना के विरोध में सभी मीटर रीडरों ने कामकाज ठप रखा।
मामला बुधवार दोपहर का है। बदायूं में जालंधरी सराय निवासी जोएव पुत्र जुबैर अहमद बिजली निगम में उझानी में मीटर रीडर हैं। जोएव ने बताया कि वह श्रीनारायणगंज मोहल्ले से जुड़े पंखा रोड बाजार में एक दुकान पर मीटर स्कैन कर बिल निकालने पहुंचे। दुकानदार ने बिल अधिक रुपये का बताया। आरोप है कि दुकानदार ने गाली-गलौज की। मारपीट के बाद उनकी मशीन और मोबाइल फोन तोड़ दिया। पिटाई से जोएव के सिर में चोट आई है।
मीटर रीडर जोएव ने बिजली उपकेंद्र पर पहुंचकर विभागीय अफसरों और अपने सह कर्मियों को घटना से अवगत कराया। कर्मचारियों के साथ उन्होंने कोतवाली जाकर पुलिस को भी जानकारी दी। आरोपी दुकानदार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए पुलिस को तहरीर सौंपी गई है।
एसडीओ प्रशांत वार्ष्णेय ने बताया कि मीटर रीडर के साथ मारपीट और अभद्रता की गई है। मशीन भी तोड़ दी गई है। उन्होंने इसे लेकर पुलिस से भी बात की है। कर्मचारी से मारपीट को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।