बदायूं। महाशिवरात्रि के स्वागत में शिवालय रंग-बिरंगी लाइटों के साथ फूलों से सजाए गए हैं। सजावट का यह सिलसिला शुक्रवार से ही जारी है। प्रशासन और मंदिर समितियों ने सुरक्षा व सुगमता के विशेष इंतजाम किए हैं।
शहर के गौरी शंकर मंदिर, बिरुआबाड़ी मंदिर, हर प्रसाद मंदिरों में जलाभिषेक के लिए लंबी कतारों को व्यवस्थित करने के लिए बैरिकेडिंग लगाई गई है। श्रद्धालुओं ने पूजा के सामान की खरीददारी भी कि ताकि सुबह में जल्दी भोलेबाबा पर जाकर जलाभिषेक किया जा सके। बिरूआबाड़ी मंदिर के पुजारी अभिमन्यु पांडेय ने बताया कि ब्रह्ममुहूर्त में ही बड़ी संख्या में शिवभक्त जलाभिषेक करने के लिए पहुंचते हैं। जलाभिषेक का सिलसिला देर शाम तक चलता है।
वजीरगंज। कस्बा वजीरगंज और गांव नंदवारी के बीच स्थित प्राचीन सिद्ध बाबा भोलेनाथ मंदिर को महाशिवरात्रि के अवसर पर विशेष रूप से सजाया गया है। मंदिर के महंत रमेश गिरि ने बताया कि प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी बाबा भोलेनाथ मंदिर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु जलाभिषेक करने पहुंचेंगे। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए पुलिस प्रशासन से सहयोग की अपेक्षा की गई है।
ओरछी। थाना फैजगंज बेहटा क्षेत्र के ओरछी, परमानंदपुर, सिसरका, खेड़ादास, बझेड़ा नूतन सहित एक दर्जन गांवों के शिव भक्त हरिद्वार, राजघाट आदि जगहों से कांवड़ में जल भरकर लाए। उनके स्वागत के लिए पंखड़िया वाले मंदिर पर मोहित की ओर से जलपान, विश्राम के लिए रजाई गद्दे का इंतजाम किया गया। संवाद
बिल्सी में आज निकाली जाएगी महाकाल की शाही बरात
बिल्सी। महाशिवरात्रि पर नगर में 15 फरवरी को बाबा महाकाल की शाही बारात धूमधाम से निकाली जाएगी। आयोजनकर्ता श्री महाकाल बाबा सेवा समिति के पदाधिकारियों के मुताबिक, प्रातः 10 बजे अंबियापुर से बरात प्रस्थान कर श्री शिव शक्ति भवन मंदिर पहुंचेगी। बरात में आकर्षक झांकियां, भूत-प्रेतों की झलकियां और बैंड-बाजों की गूंज श्रद्धालुओं को भक्तिमय वातावरण में सराबोर करेंगी। संवाद
कस्बा वजीरगंज में सजा मंदिर। संवाद