उझानी/ कछला। शिवालयों में जलाभिषेक करने के लिए शिवभक्तों की टोलियां निकल पड़ी हैं। गंगाघाट पर बुधवार सुबह से ही शिवभक्त जुटने शुरू हो गए। आस्था की डुबकी लगाने के बाद शिवभक्तों ने कांवड़ पूजन किया, फिर बम-बम भोले के जयकारे लगाते हुए कूच कर गए। इस दौरान डीजे साउंड सिस्टम की धुन पर शिवभक्त थिरकते नजर आए।
शिवतेरस पर शिवलिंग पर जलाभिषेक का खास महत्व बताया गया है। बदायूं जिले ही नहीं, बल्कि बरेली के आंवला के गौरीशंकर मंदिर और शाहजहांपुर जिले में पटना देवकली स्थित शिव मंदिर की ओर कूच कर गए शिवभक्तों ने गंगाघाट पर आस्था की डुबकी लगाई। घाट पर ही पूजन के बाद शिवभक्तों ने कांवड़ में जल भरा। इसके बाद टोलियों के साथ निकले शिवभक्तों ने रास्ते में बरेली-मथुरा हाईवे पर जमकर धमाल मचाया। डीजे साउंड सिस्टम पर शंकर- पार्वती और देवी- देवताओं की आस्था से सराबोर भजनों की धुन पर थिरकते शिवभक्तों में उत्साह भी नजर आया। बदायूं जिले में शहर के मंदिर के अलावा इलाके में बुर्रा-फरीदपुर, हजरतगंज और कठौली के मंदिर पर शिवतेरस पर भी जलाभिषेक होगा। शिवभक्तों की टोली में शामिल आंवला के नेत्रपाल और राजेंद्र ने बताया कि उनकी टोली पैदल ही गौरीशंकर मंदिर में जलाभिषेक करेगी। आसपास इलाके की टोलियां बृहस्पतिवार दोपहर बाद से देर रात तक निकलेगीं।
शिवभक्तों की सुविधा को हाईवे से डायवर्ट हो चुका है रूट
- जलाभिषेक से पहले कछला गंगाघाट पर बृहस्पतिवार देर रात तक शिवभक्तों की खासी भीड़ जुटने और बरेली-मथुरा हाईवे पर टोलियों की आवाजाही के मद्देनजर पुलिस- प्रशासन एक दिन पहले से ही रूट डायवर्ट कर चुका है। बदायूं से अलीगढ़ की ओर आने-जाने वाले वाया मुजरिया होकर सहसवान और गुन्नौर के रास्ते तो कासगंज और मथुरा के लिए कादरचौक के रास्ता रूट तय किया जा चुका है। डायवर्जन शुक्रवार दोपहर तक रहेगा। गंगाघाट पर भी अतिरिक्त पुलिस फोर्स तैनात किया जा चुका है। इसके अलावा बुधवार दोपहर एसडीएम सदर एसपी वर्मा और सीओ शक्ति सिंह ने प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार सिंह के साथ बुर्रा फरीदपुर के शिव मंदिर परिसर में व्यवस्थाओं का जायजा लिया।