समायोजन रद्द होने के बाद मालवीय आवास गृह पर 13 दिन से धरने पर बैठे शिक्षामित्रों ने बुधवार को धरना स्थगित करने का एलान कर दिया। उनका कहना है कि सरकार ने अगर 15 अगस्त तक कोई हल नही निकाला तो वे 16 अगस्त से उग्र आंदोलन करेंगे। धरना-प्रदर्शन केे दौरान जिलाध्यक्ष निर्भान सिंह ने कहा कि 15 अगस्त तक धरना बंद किया जाता है। इसके बाद सरकार ने समायोजित शिक्षामित्रों का हित नही सोचा और कोई अध्यादेश पारित नही किया गया तो प्रदेश कार्यकारिणी के नेतृत्व में उग्र आंदोलन किया जाएगा। जिला कोषाध्यक्ष राजीव कुमार ने कहा कि जिले के सभी समायोजित शिक्षामित्र गुरुवार को पत्रों के माध्यम से प्रधानमंत्री, राष्ट्रपति और मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजेंगे। धरने में रवेंद्र सिंह, वर्षा भारती, सीमा भारती, विनोद राठौर, मृदुलेश सिंह, ममता शर्मा रामौतार यादव, अनीता यादव, मनोज कश्यप, केपी सिंह, सतीश आदि शामिल रहे।