बदायूं। ग्रामीण क्षेत्रों से निकलने वाले प्लास्टिक कचरे के निस्तारण के लिए दातागंज में जिले की दूसरी प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट यूनिट लगाई जाएगी। यहां ठोस, तरल अपशिष्ट एवं मलीय कचरे का निस्तारण किया जाएगा। तहसील की ग्राम पंचायत गनगोला में दो स्थानों पर जमीन को देखा गया है। यूनिट पर 16 लाख रुपये खर्च होंगे।
सरकार की ओर से प्लास्टिक के प्रयोग पर रोक लगाई गई है, लेकिन यह रोक पूरी तरह से प्रभावी नहीं हो रही। ऐसे में प्लास्टिक निस्तारण की योजनाओं पर काम हो रहा है। प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट यूनिट में अनुपयोगी प्लास्टिक को उपयोग के लायक बनाया जाएगा।
यूनिट स्थापना के लिए गनगोला ग्राम पंचायत में दो स्थानों का चयन किया गया है। शासन स्तर से इनको हरी झंडी मिलने के बाद काम शुरू करा दिया जाएगा। खराब प्लास्टिक को सड़क निर्माण के लिए उपयोगी बनाया जाएगा।
-
दहेमी में बनकर तैयारी हुई पहली यूनिट
स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के तहत कूड़ा निस्तारण के लिए सालारपुर ब्लाॅक क्षेत्र के दहेमी गांव में प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट यूनिट 16 लाख रुपये की लागत से बनाई गई है। इसमें स्वयं सहायता समूहों को काम करने के लिए जोड़ा गया है। इस यूनिट में काम शुरू हो गया है। इस यूनिट से प्रबंधन के बाद प्लास्टिक को जिले की दो सड़कों के निर्माण में इस्तेमाल भी किया गया है।
-
प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट यूनिट से सभी को फायदा मिलेगा, क्योंकि इसके बन जाने से लोगों को प्लास्टिक से काफी हद तक निजात मिल सकेगी। दातागंज क्षेत्र में गनगोला में दो स्थानों पर जमीन देखी गई है।
-श्रेया मिश्रा, डीपीआरओ