बदायूं। हरगनपुर से पीतमनगर को जोड़ने वाले संपर्क मार्ग के निर्माण कार्य को फिर गति मिलेगी। करीब 1.14 करोड़ रुपये की लागत से बन रही सड़क का निर्माण धनराशि समाप्त होने के कारण कुछ समय से धीमा पड़ गया था। अब शासन ने दूसरी किस्त के रूप में 45 लाख रुपये जारी कर दिए हैं, जिससे निर्माण कार्य दोबारा तेजी से शुरू होने की उम्मीद है।
लोक निर्माण विभाग की ओर से हरगनपुर से पीतमनगर के बीच सड़क का निर्माण कार्य कराया जा रहा है। शासन की ओर से सड़क मंजूर होने के बाद पहली किस्त के रूप में 40.90 लाख रुपये जारी किए गए थे। इसके बाद निर्माण कार्य शुरू हुआ था। निर्माण एजेंसी के पास उपलब्ध बजट समाप्त होने से कार्य लंबे समय से रुका चल रहा था। सड़क अधूरी होने से क्षेत्र के लोगों को परेेशानी हो रही थी। बारिश में यह समस्या और बढ़ गई थी।
अब शासन की ओर से 45 लाख रुपये की दूसरी किस्त भी जारी कर दी गई है। इससे काम फिर से तेजी पकड़ सकेगा। रोशन लाल, महेश प्रताप समेत अन्य गांव के लोगों ने कार्यदायी संस्था से काम जल्द पूरा कराने की मांग की है।