कछला ब्रिज स्टेशन पर एक्सप्रेस ट्रेनों के स्टॉपेज की मांग को लेकर चल रहा भारतीय किसान यूनियन का धरना आठवें दिन एसडीएम सदर प्रदीप कुमार के पहुंचने पर खत्म हो गया। एसडीएम ने यूनियन के नेताओं को भरोसा दिलाया कि वह इसे लेकर रेलवे के अफसरों से बात करेंगे। एसडीएम के पहुंचने से पहले यूनियन के कार्यकर्ताओं ने बरेली-मथुरा हाईवे पर जाम लगाने की कोशिश भी की।
यूनियन के कार्यकर्ता बृहस्पतिवार को धरनास्थल से उठ कर जाम लगाने के लिए बरेली-मथुरा हाईवे स्थित पुल की ओर चले तो कछला चौकी इंचार्ज मानपाल सिंह ने फोन कर एसडीएम सदर प्रदीप कुमार और कोतवाल देवराज राठी को बुला लिया। एसडीएम और कोतवाल ने यूनियन के जिलाध्यक्ष धर्मपाल सिंह ब्लॉक अध्यक्ष सोमवीर से वार्ता की। कार्यकर्ताओं ने ब्रिज स्टेशन पर एक्सप्रेस ट्रेनों के स्टॉपेज की मांग रखी। कहा कि एक्सप्रेस ट्रेनों के नहीं रुकने से इलाके के लोगों को दिक्कत होगी। स्नानार्थी भी परेशान होंगे।
एसडीएम ने यूनियन के कार्यकर्ताओं को भरोसा दिलाया कि वह रेलवे के अफसरों से बात करेंगे। जिला प्रशासन का भी प्रयास रहेगा कि कछला ब्रिज पर एक्सप्रेस ट्रेनें रुकें। एसडीएम के समझाने पर भाकियू कार्यकर्ताओं ने ट्रेनों का संचालन शुरू होने तक धरना इस हिदायत के साथ खत्म कर दिया कि ब्रिज पर एक्सप्रेस ट्रेनों नहीं रुकीं, तो फिर से आंदोलन शुरू कर दिया जाएगा। इस मौके पर उझानी नगर अध्यक्ष चंद्रमोहन वर्मा, जुगेंद्र सिंह, मटरूलाल, मुनेंद्र, शाकिर अंसारी, रामस्वरूप, अखिलेश सिंह, हरपाल और कृपाल सिंह आदि मौजूद थे।
ब्रिज पर लगेगा गंगा भागीरथ का शिलापट
उझानी। भारतीय किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष धर्मपाल सिंह ने रेलवे के ब्रिज स्टेशन पर लगे गंगा नदी के शिलापट का विरोध किया। एसडीएम को इसके लिए ज्ञापन भी सौंपा गया। एसडीएम ने यूनियन के जिलाध्यक्ष को बताया कि नया शिलापट लगेगा। उस पर गंगा भागीरथ लिखा होगा।