बदायूं। 19वीं राष्ट्रीय जंबूरी में बदायूं जिले के स्काउट गाइडों ने शानदार प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया। एडवेंचर, प्रदर्शनी, क्विज, फूड प्लाज़ा, सांस्कृतिक कार्यक्रम और विशेष प्रतियोगिताओं में जिले की कई टीमों ने ए-ग्रेड और पुरस्कार हासिल किए।
प्रादेशिक उपाध्यक्ष महेश चंद्र सक्सेना ने कहा कि स्काउटिंग युवाओं में अनुशासन, सेवा और नेतृत्व का भाव विकसित करती है। इसमें जिले का शानदार प्रदर्शन प्रेरणादायी है। पूर्व जिला ट्रेनिंग कमिश्नर संजय कुमार शर्मा के अनुसार एडवेंचर श्रेणी में जिले ने राइफल शूटिंग, रिंग थ्रू, प्लैंक ब्रिज, स्विमिंग बोर्ड, कमांडो ब्रिज और बास्केटबॉल में ए-ग्रेड प्राप्त किया।
मदन लाल इंटर कॉलेज बिसौली की टीम आकाश, विनीत, अंशुल, नीरज और शिवम को प्रदर्शनी में श्रीराम मंदिर मॉडल, इलेक्ट्रॉनिक झूला, ब्रेक डांस शो, ज्वालामुखी मॉडल और दिव्यांगों के लिए सेंसर तकनीक पर ए-ग्रेड मिला। संविलियन विद्यालय हर्रायपुर ने फूड प्लाजा में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर ए-ग्रेड अर्जित किया।
विशेष उपलब्धि कुंवर रुकुम सिंह वैदिक इंटर कॉलेज की टीम अंकित, उमंग पटेल, नैतिक, ऋषभ पटेल, रौनक और प्रशांत ने गो ग्रीन प्रतियोगिता में हासिल की। जहां उन्हें पांच हजार रुपये का नकद पुरस्कार मिला। इसके अलावा प्रमोद इंटर कॉलेज सहसवान, राधे लाल इंटर कॉलेज कछला, एनए इंटर कॉलेज बिल्सी, श्री कृष्ण इंटर कॉलेज और क्रिश्चियन हायर सेकेंडरी स्कूल के स्काउटों ने क्विज, फूड प्लाजा और अन्य गतिविधियों में बैच व प्रमाणपत्र प्राप्त किए।
सांस्कृतिक कार्यक्रम में संविलियन विद्यालय हर्रायपुर प्रथम रहा। उझानी की दीप्ति शर्मा और भदवार गर्ल्स इंटर कॉलेज की गाइड को पीजेंट शो में विशेष सम्मान मिला। जिले के स्काउट गाइडों ने श्रीलंका, नेपाल, मालदीव और सऊदी अरब से आए अंतरराष्ट्रीय स्काउट दलों को उपहार भेंट कर मित्रता का संदेश दिया। नेशनल सिक्योरिटी इंचार्ज मोहम्मद असरार और सहायक प्रादेशिक संगठन कमिश्नर नेहा कटियार ने बच्चों के अनुशासन, प्रतिभा और टीमवर्क की प्रशंसा की। कार्यक्रम में कुंवरसेन, कैलाश चंद्र, चंद्र मोहन, आशुतोष शर्मा, श्रेष्ठजीत, उमेश चंद्र सहित कई यूनिट लीडर मौजूद रहे।