राजाराम महिला इंटर कॉलेज में तीन दिवसीय स्काउट-गाइड प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। स्रोत कॉ
बदायूं। राजाराम महिला इंटर कॉलेज में तीन दिवसीय स्काउट-गाइड प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ हुआ। शिविर में गाइड्स को प्राकृतिक आपदाओं से निपटने, सीमित संसाधनों में व्यवस्थित जीवन जीने के बारे में बताया। वहीं, छात्राओं को जल, जंगल और जमीन जैसी प्राकृतिक धरोहरों के संरक्षण का संकल्प दिलाया गया।
प्रधानाचार्या डॉ. अनीता कुमारी ने स्काउट ध्वज फहराकर शिविर का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि बालिकाओं में अपार ऊर्जा और क्षमता होती है। उन्हें अपनी शक्ति और सामर्थ्य का उपयोग सृजनात्मक कार्यों और राष्ट्र निर्माण में करना चाहिए। स्काउटिंग बालिकाओं में अनुशासन, सेवा और राष्ट्रहित के प्रति समर्पण की भावना को मजबूत करती है।
जिला ट्रेनिंग कमिश्नर संजीव कुमार शर्मा ने कहा कि स्काउटिंग से बच्चों में देशभक्ति, सामाजिक उत्तरदायित्व और सेवा भाव बढ़ता है। प्राकृतिक आपदाओं और आकस्मिक परिस्थितियों से निपटने के लिए युवाओं को सक्षम बनाना समय की जरूरत है। स्काउटिंग बच्चों को विपरीत परिस्थितियों में शांत, संयमित और सशक्त रहना सिखाती है। गाइड कैप्टन पुष्पा दिवाकर और रचना सक्सेना ने टोलियों का गठन कर प्रतिभागियों को जिम्मेदारियां सौंपीं। इस दौरान अंजुम सहर, ज्योति सागर, सुलेखा सिंह, नाजनीन बेगम आदि मौजूद रहे।