टायर फटने पर हादसे में क्षतिग्रस्त बार एसोसिएशन महामंत्री की कार। स्त्रोत स्वयं
बदायूं। गंगा एक्सप्रेस-वे पर शाहजहांपुर जनपद क्षेत्र में बुधवार की सुबह टायर फटने से जिला बार एसोसिएशन के महासचिव संदीप मिश्रा की स्कॉपियो कार अनियंत्रित होकर पलटते-पलटते बची। दुर्घटना के बाद उन्होंने एक्सप्रेस-वे की सुरक्षा व्यवस्था और रेस्क्यू सिस्टम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।
उन्होंने बताया कि वह बुधवार सुबह करीब सात बजे स्कॉपियो कार से लखनऊ जा रहे थे। जिले की सीमा पार करने के बाद अचानक उनकी कार का टायर फट गया। कार का टायर फटने से ड्राइवर का कार से संतुलन बिगड़ गया और अनियंत्रित होकर कार पलटते-पलटते बची। हादसे के समय वह और उनका ड्राइवर मौजूद थे। हादसे में दोनों सवारों को कोई भी गंभीर चोटें नहीं आईं।
उनका आरोप है कि दुर्घटना के बाद रेस्क्यू टीम को मौके पर पहुंचने में करीब दो घंटे लग गए। टीम सुबह करीब नौ बजे घटनास्थल पर पहुंची। उन्होंने एक्सप्रेस-वे पर आवारा कुत्तों और छुट्टा पशुओं की मौजूदगी को भी गंभीर खतरा बताया। उनका कहना है कि इस तरह की लापरवाही से कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। गंगा एक्सप्रेस-वे पर भारी टोल वसूली के बाद भी सुविधा नहीं होने का आरोप लगाया है। संवाद