बिल्सी। बदायूं-बिजनौर हाईवे पर गांव खैरी के पास बुधवार की रात अचानक सड़क पर आई नीलगाय से स्कूटी सवार टकरा गए। हादसे में स्कूटी सवार दो युवक घायल हो गए।
मोहल्ला संख्या पांच निवासी अर्जुन कुमार पुत्र उमेश चंद्र और सचिन कुमार पुत्र महेश चंद्र बुधवार रात इस्लामनगर से स्कूटी से बिल्सी लौट रहे थे। रात में उनकी स्कूटी गांव खैरी के निकट इंडेन गैस एजेंसी के पास पहुंची, तभी खेत से निकलकर एक नीलगाय अचानक सड़क पर आ गई। स्कूटी सवार युवक संभल पाते, इससे पहले ही स्कूटी नीलगाय से टकरा गई। टक्कर के बाद स्कूटी सड़क पर काफी दूर तक फिसलती चली गई। हादसे में दोनों युवक घायल हो गए। घटना के बाद घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनका उपचार किया। सीएचसी प्रभारी डॉ. अनिल कुमार गुप्ता ने बताया कि दोनों घायलों का प्राथमिक उपचार करने के बाद उन्हें घर भेज दिया गया है। संवाद