बदायूं। जिले में बृहस्पतिवार को 15 परीक्षा केंद्रों पर शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) हुई। सुबह से लगातार बारिश के बीच में अभ्यर्थी भीगते हुए परीक्षा केंद्रों पर पहुंचे। कई अभ्यर्थियों को जलभराव की समस्या से जूझना पड़ा। परीक्षा समाप्त होने के बाद बाहर निकले अभ्यर्थियों के चेहरों पर राहत के साथ हल्की चिंता भी दिखाई दी। उनका कहना था कि इस बार विज्ञान विषय के कई प्रश्न अपेक्षा से अधिक कठिन और उलझाने वाले थे।
जिले में परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों की गहन जांच की गई और निर्धारित समय के बाद किसी को प्रवेश नहीं दिया गया। बारिश के बावजूद केंद्रों के बाहर अभ्यर्थियों और उनके परिजनों की भीड़ बनी रही। परीक्षा समाप्त होने के बाद अभ्यर्थी प्रश्नपत्र को लेकर चर्चा करते नजर आए।
कासगंज निवासी मुकेश कुमार, बरेली निवासी दिव्यांशु सिंह का कहना था कि पेपर का स्तर सामान्य रहा, लेकिन विज्ञान खंड ने समय अधिक लिया। कुछ प्रश्न अवधारणात्मक थे, जिनका उत्तर देने में कठिनाई हुई। यदि विज्ञान के कुछ प्रश्न आसान होते तो प्रश्न पत्र और बेहतर हो सकता था। कई परीक्षार्थियों ने उम्मीद जताई कि कट ऑफ संतुलित रह सकती है, क्योंकि कठिन प्रश्नों का असर अधिकांश अभ्यर्थियों पर पड़ा है। वहीं, जिलाधिकारी अवनीश राय ने एसएसपी अंकिता शर्मा के साथ विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
17.22 प्रतिशत अभ्यर्थी दोनों पालियों में रहे अनुपस्थित
एडीएम प्रशासन अरुण कुमार ने बताया कि 15 केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच प्रशासन की देखरेख में परीक्षा कराई गई। प्रथम दिवस की परीक्षा दो पाली में आयोजित हुई, जिसमें प्रत्येक पाली में 5639 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। प्रथम पाली में 4875 अभ्यर्थी उपस्थित और 764 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। प्रथम पाली का उपस्थिति 86.45 प्रतिशत रहा। वहीं द्वितीय पाली में 4455 अभ्यर्थी उपस्थित और 1184 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। उपस्थिति 79 प्रतिशत रहा। दोनों पालियों का उपस्थिति 82.78 प्रतिशत रहा।
बारिश से ज्यादा साइंस ने परेशान किया
प्रश्नपत्र आने से पहले काफी बेचैनी थी, लेकिन जब प्रश्नपत्र पढ़ा तो काफी सही लगा। हालांकि विज्ञान के कुछ प्रश्नों ने परेशान किया, लेकिन ओवरऑल पेपर अच्छा हुआ है। -भानु प्रताप, कासगंज
पेपर ठीक था, लेकिन समय कम पड़ गया
प्रश्नपत्र का अधिकांश हिस्सा सामान्य था, लेकिन विज्ञान के कठिन प्रश्नों में ज्यादा समय लग गया। इसके कारण अंतिम समय में कुछ प्रश्न जल्दबाजी में हल करने पड़े। उन्होंने कहा कि कुल मिलाकर परीक्षा ठीक रही। -कासिम, एटा
पानी में होकर परीक्षा देने पहुंचे अभ्यर्थी
सुबह वाले अभ्यर्थी सेंटरों पर परीक्षा देने बारिश में भीगते पहुंचे। केंद्रों पर पानी भरा होने के कारण अभ्यर्थियों को केंद्र में भीतर जाने और बाहर आने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। राजकीय इंटर कॉलेज में तो अभ्यर्थियों को लाइन में लगकर प्रवेश करना पड़ा।
राजकीय इंटर कॉलेज से बाहर निकलते अभ्यर्थी। संवाद
राजकीय इंटर कॉलेज से बाहर निकलते अभ्यर्थी। संवाद