बदायूं। करीब 11 हजार नौनिहाल अब स्कूल नहीं जाते। इस बात का खुलासा बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से कराए गए हाउस होल्ड सर्वे में हुआ है। विभाग की ओर से अब इन बच्चों की दोबारा उनके घर के पास वाले प्राथमिक विद्यालयों में प्रवेश दिलाया जा रहा है। उनको वह सारी सुविधाएं दी जा रही हैं, जो अन्य बच्चों को दी जाती हैं।
शासन के निर्देश पर हर साल बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से हाउस होल्ड सर्वे कराया जाता है, ताकि विभाग को ये पता चल सके कि कितने बच्चे हैं जो स्कूल नहीं पहुंच पा रहे हैं। इसके तहत पहले चरण में फरवरी और मार्च में पूरे जिले में विकास खंडवार सर्वे कराया गया था। इसमेें करीब 7510 नौनिहाल चिह्नित किए गए थे, यानी ये नौनिहाल स्कूल नहीं जा रहे थे। इसके बाद शासन ने दोबारा सर्वे कराने का निर्देश दिया। यह सर्वे जून से जुलाई के मध्य कराया गया। इसमें करीब 3490 नौनिहाल आउट ऑफ स्कूल मिले। कुल मिलाकर इस साल लगभग 11 हजार नौनिहाल आउट ऑफ स्कूल थे, जिनको विभाग की ओर से शिक्षा की मुख्य धारा से जोड़ने का काम किया गया है। इनको घर के पड़ोस के प्राथमिक विद्यालयों में एडमिशन कराए जा रहे हैं, साथ ही सरकार की ओर से मिलने वाली सभी सुविधाओं का इनको लाभ दिया जा रहा है।
हाउस होल्ड सर्वे में जो बच्चे चिह्नित किए गए हैं। उनका एडमिशन कराया जा रहा है। अधिकतर बच्चों का एडमिशन कराया जा चुका है। कुछ रह गए हैं, उनका भी एडमिशन जल्द से जल्द करा दिया जाएगा।
-रामपाल सिंह राजपूत, बीएसए