कछला से मां और कलश में गंगाजल की कांवड़ लेकर निकले दो भाई।
- फोटो : BADAUN
उझानी/कछला (बदायूं)। भगवान शिव के प्रति आस्था से सराबोर सावन महीने के दूसरे सोमवार से पहले कांवड़ियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। बृहस्पतिवार तड़के से कांवड़ियों की संख्या में ऐसा इजाफा हुआ कि गंगाघाट से लेकर हाईवे तक भगवामय हो गया।
जानकार बताते हैं कि कांवड़ यात्रा के दौरान बहुत से श्रद्धालु अपने साथी को कांवड़ नहीं देते। सेंथल (बरेली) के भक्तों की डाक कांवड़ हाईवे से होकर निकलीं तो राहगीरों ने उनका उत्साह बढ़ाया। पुरोहितों ने बताया कि सावन के दूसरे सोमवार तक जल भरने वाले भक्तों की संख्या इसलिए भी अधिक रहेगी कि आगे चलकर शिवतेरस है। शिवतेरस पर जलाभिषेक का विशेष महत्व है।
-
आकर्षण का केंद्र रहे श्रवण कुमार
कछला गंगाघाट से बृहस्पतिवार सुबह दो भाई कांवड़ लेकर शिवालय की ओर चले। उनकी कांवड़ की एक टोकरी में बुजुर्ग मां तो दूसरी मां में वजन बराबर गंगाजल भरे चार कलश रखे थे। मनमोहक अंदाज में सजी कांवड़ को दोनों भाइयों ने कंधे से उठा रखा था। बदायूं निवासी नेत्रपाल ने बताया कि ऐसा बहुत कम ही देखने को मिलता है। दोनों कहां के निवासी हैं, यह तो उन्होंने किसी को नहीं बताया लेकिन दोनों ही खुशी-खुशी पैदल आगे बढ़ते चले गए।
-
एसडीएम और सीओ ने दी परस्पर प्रेम की सलाह
बृहस्पतिवार दोपहर कोतवाली परिसर में एसपीओ, वॉलिंटियर, गणमान्य नागरिकों के अलावा पुरोहितों और मौलवियों के बीच बैठक हुआ। एसडीएम एसपी वर्मा, सीओ शक्ति सिंह और प्रभारी निरीक्षक हरपाल सिंह बालियान ने बताया कि पुलिस और प्रशासन की ओर से धर्मस्थलों के आसपास पहले से ही सीसीटीवी कैमरे लगवाए जा चुके हैं।