इस्लामनगर। पत्नी के बार-बार पुरुष मित्र के साथ चले जाने से नाराज सफाई कर्मचारी नगर पंचायत कार्यालय की पानी की टंकी पर चढ़ गया। वहां से कूदकर जान देने की धमकी देने लगा। पुलिस अधिकारियों ने उसे उतारने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं उतरा। पुलिस ने रणनीति के तहत पानी देने के बहाने उसके सहकर्मी को भेजा, पीछे-पीछे आड़ लेकर पुलिस व अन्य लोग भी टंकी पर चढ़ गए। इन लोगों ने उसे दबोच लिया और जबरन उतार लाए। करीब चार घंटा 20 मिनट तक वह टंकी पर रहा।
नगर के मछली बाजार मोहल्ला निवासी सफाई कर्मी दीपक की शादी छह वर्ष पहले बिसौली की युवती से हुई थी। उसका आरोप है कि उसकी पत्नी का बिसौली के पास गांव गुलड़िया में एक सजातीय युवक से प्रेम संबंध है। वह बार-बार उसके साथ चली जाती है। कई बार उसने पत्नी को बुलाने के लिए पुलिस को पत्र दिया, एसएसपी से भी फरियाद की, लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला।
पुलिस का कहना है कि कई बार उसकी पत्नी को बुलाकर समझौते का प्रयास किया गया, लेकिन वह रुकती ही नहीं। इसी बात से नाराज दीपक पानी की टंकी पर चढ़ गया। युवक के टंकी से कूद जाने के डर से जाल और गद्दे आदि भी पुलिस ने मंगाकर रखे हुए थे।
रणनीति के तहत सफाई सहकर्मी सचिन को पानी और चिप्स देकर ऊपर भेजा। बताते हैं कि दीपक ने ही सचिन का नाम सुझाया था। उतारने के लिए पुलिस ने एक बार फिर पानी देने के बहाने उसके सहयोगी को भेजा और चुपके से पीछे-पीछे दो सिपाही और कुछ अन्य लोगों को भेज दिया।
पहले गए व्यक्ति ने टंकी के ढलान पर उसे गिरा लिया और कसकर पकड़ लिया। बाकी पीछे से गए लोगाें ने भी उसे जकड़ लिया। जब वह पकड़ लिया तो यही फरियाद कर रहा था कि उसे पीटा न जाए। टंकी से उतारने के बाद पुलिस ने अपनी अभिरक्षा में ले लिया। पूर्वाह्न 11:15 बजे वह टंकी पर चढ़ा था और शाम करीब 3:35 बजे उसे जबरन उतार लिया गया।
दीपक ने पत्नी के बिसौली के गुलड़िया गांव में अपने पुरुष मित्र के साथ होने की बात कही, इस पर सीओ बिसौली अंशुमन श्रीवास्तव ने वहां दिखवाया, लेकिन पुरुष मित्र के घर ताला पड़ा मिला। इधर, इस्लामनगर पुलिस दीपक के कहने पर उसकी पत्नी और उसके पुरुष मित्र को बुलवाने के प्रयास में लगी है। इस पूरे घटनाक्रम में पुलिस बल के साथ इंस्पेक्टर जितेंद्र सिंह के अलावा प्रभारी अधिशासी अधिकारी रवि यादव जमे रहे।
ड्राइवर को धक्का देकर टंकी पर चढ़ा था दीपक
पुलिस की पूछताछ में पता लगा है कि पूर्वाह्न 11:15 बजे जब दीपक टंकी पर चढ़ने का प्रयास कर रहा था तो नगर पंचायत का ड्राइवर इव्वन वहां खड़े थे। उन्होंने कहा कि ऊपर क्यों जा रहा है। उसके इरादे भांपकर उसे रोका तो उन्हें धक्का देकर कुछ सीढि़यां ऊपर चढ़कर बोला, उसके पीछे कोई आया तो वह यहीं से कूद जाएगा। इससे घबराकर ड्राइवर ने नगर पंचायत कार्यालय में बाकी लोगों को बताया।
आरोपी की पत्नी की गुमशुदगी दर्ज कर ली गई है। उसकी खोजबीन कराई जा रही है। करीब चार घंटा 20 मिनट बाद उसे सकुशल टंकी से उतार लिया गया है। - आलोक सिद्धू, बिल्सी सीओ
इस्लामनगर में टंकी पर चढ़ा युवक। संवाद
इस्लामनगर में टंकी पर चढ़ा युवक। संवाद
इस्लामनगर में टंकी पर चढ़ा युवक। संवाद