बदायूं। मानदेय रोके जाने से क्षुब्ध होकर बिसाैली नगर पालिका परिषद में आउटसोर्सिंग सफाई कर्मचारी ने डीजल डालकर आत्मदाह का प्रयास किया। खुद को आग लगाने के लिए संविदा कर्मी ने वहीं ट्रैक्टर में डालने के लिए रखी डीजल की केन उठा ली थी। कर्मचारियों ने उसको बचा लिया। ईओ ने सभासदों की शिकायत पर रोका गया मानदेय जल्द दिलाने की बात कही है।
बिसौली कस्बा निवासी शिवम पुत्र ममहेया ने बताया कि वह सफाई कर्मचारी के पद पर नगर पालिका में तैनात है। वह रोजाना अपनी ड्यूटी करता आ रहा है। आरोप लगाया कि सफाई नायक उसकी हाजिरी ही नहीं लगाता। पूरे महीने में मात्र दो दिन ही उसकी ड्यूटी दिखाई गई है। मानदेय भी उसका दो दिन का ही आया।
उसने ईओ से शिकायत की तो उन्होंने सफाई नायक को फटकार लगाई और हाजिरी लगाकर उसका मानदेय दिलाने को कहा। इसके बाद भी चेयरमैन व सफाई नायक उसका मानदेय नहीं निकाल रहे हैं।
बताया जाता है कि दोपहर के समय वह राशन लेने एक दुकान पर गया तो दुकानदार ने अपने पुराने रुपये मांगे। उसने कहा कि मानदेय आने के बाद देगा। इस पर दुकानदार ने उसे खरीखोटी सुना दी। परेशान होकर वह नगर पालिका परिसर में पहुंच गया और अपने मानदेय की पुन: मांग की, लेकिन उसकी किसी ने नहीं सुनी।
इसी से क्षुब्ध होकर ट्रैक्टर में डालने के लिए केन में पालिका परिसर में ही रखा डीजल अपने ऊपर उड़ेलकर आत्मदाह का प्रयास किया। यह देख वहां मौजूद कर्मचारियों ने उसके हाथ से केन छीनकर उसको बचा लिया। सफाईकर्मी ने नगर पालिका चेयरमैन पर उत्पीड़न करने का आरोप लगाया है।
कुछ सभासदों की शिकायत के आधार पर उसका कुछ दिनों का वेतन रोका गया है, जो जल्द ही जारी कर दिया जाएगा। उसने डीजल डालने का प्रयास किया था, लेकिन उसको कर्मचारियों ने रोक लिया। समझाकर उसको घर भेज दिया गया है। - रवि यादव, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद, बिसौली
वह आउटसोर्सिंग का कर्मचारी है। पालिका से उसका कोई लेना-देना नहीं है। ठेकेदार खुद हाजिरी के हिसाब से मानदेय खातों में भेजते हैं। - अबरार अहमद, चेयरमैैन नगर पालिका परिषद बिसौली
डीजल डालकर आत्मदाह का प्रयास करने वाला शिवम।स्रोत वायरल वीडियो