अलापुर। अलापुर थानाक्षेत्र के कस्बा सखानूं के पास सोमवार शाम आरएसएस संघ प्रचारक के साथ मारपीट हो गई थी। इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को हिरासत में लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
उसावां निवासी अनमोल आरएसएस संघ के प्रचारक हैं। सोमवार को वह संघ की बैठक कर बदायूं से घर लौट रहे थे। तभी बदायूं के भामाशाह चौक के पास एक ऑटो चालक से कहासुनी हो गई, लेकिन मामला शांत हो गया। इसके बाद वह अलापुर थानाक्षेत्र के कस्बा सखानूं पहुंचे।
आरोप है कि यहां ऑटो चालक के परिजनों ने उन्हें घेर लिया। उनके साथ मारपीट की गई। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस ने तीन आरोपियों को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने पीड़ित संघ प्रचारक का मंगलवार को मेडिकल परीक्षण कराया। तहरीर नहीं मिलने पर कार्रवाई नहीं हो सकी। एसओ उदयवीर सिंह ने बताया कि तहरीर नहीं मिली है, मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।