बदायूं। बेरोजगारों को रोजगार मुहैया कराने की कड़ी में शासन ने संगम पोर्टल को लांच किया है। पोर्टल पर बेरोजगार के साथ ही नियोजक भी होंगे जो शैक्षिक योग्यता के आधार पर पंजीकृत को नौकरी के लिए चयनित करेंगे।
संगम पोर्टल पर स्नातक, आईटीआई, पॉलिटेक्निक काॅलेज, मैनेजमेंट संस्थान, फार्मा काॅलेजों के साथ ही विश्वविद्यालयों में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं का ब्योरा अपलोड किया जाएगा। इसकी जिम्मेदारी काॅलेजों के साथ ही सेवायोजन विभाग को सौंपी गई है। इस पोर्टल पर नियोजक भी अपना पंजीकरण करा सकते हैं। इसके लिए सेवायोजन विभाग और शिक्षा विभाग की ओर से कवायद शुरू कर दी गई है।
ऐसे कराएं पंजीकरण
-https://sewayojan.up.nic.in/ पोर्टल पर पंजीकरण करने के लिए मोबाइल नंबर, ईमेल आईडी, शैक्षिक प्रमाणपत्र, फोटो, जाति प्रमाणपत्र, विकलांग प्रमाणपत्र, पासपोर्ट जैसे दस्तावेज अपलोड करने होंगे। कैंपस में पढ़ रहे छात्रों को जॉब सीकर में जाकर कैंपस स्टूडेंट ऑप्शन पर क्लिक करना होगा। कैंपस से बाहर के छात्र जनरल जॉब सीकर पर क्लिक करके अपना पंजीकरण कर सकेंगे।
टोल फ्री नंबर किया जारी-
-रोजगार संगम पोर्टल पर आवेदन करने में यदि कोई दिक्कत आती है, तो टोल फ्री नंबर 155330 पर अपनी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। जिससे उसकी समस्या का समाधान कराया जाएगा। इसके अलावा जिला रोजगार कार्यालय में दो कर्मचारियों को इसके लिए तैनात किया गया। किसी भी कार्य दिवस कार्यालय जाकर समाधान पा सकते हैं।
-जिले में अभी तक करीब सात सौ बेरोजगारों ने रोजगार संगम पोर्टल पर आवेदन किया गया है। इनमें से 300 की प्रोफाइल पूरी हो चुकी है। इस पोर्टल के माध्यम से युवाओं को आसानी से रोजगार मिल सकेगा।
-सचिन सिंह, जिला रोजगार सहायता अधिकारी