बदायूं। गर्मियों की छुट्टियां खत्म हो जाने के साथ ही मंगलवार से बेसिक शिक्षा परिषद के स्कूलों में लगे ताले खुल गए। हालांकि, बच्चे 28 जून से स्कूल आएंगे। स्कूलों के बंद रहने के कारण परिसर में गंदगी फैली हुई थी, शिक्षण कार्य को सुचारू रूप से चलाने के लिए शिक्षक व्यवस्थाएं ठीक करने में लगे रहे।
दरअसल, 18 मई को बेसिक के स्कूलों में गर्मियों की छुट्टी शुरू हो गई थी। ग्रीष्मकालीन अवकाश 16 जून को खत्म हो रहा था, लेकिन अवकाश होने की वजह से स्कूल 18 जून को खोले जाने थे।
भीषण गर्मी के चलते छुट्टियाें को बढ़ा दिया गया था। पिछले सप्ताह महानिदेशक स्कूल शिक्षा कंचन वर्मा ने 25 जून से शिक्षकों को स्कूल पहुंचने के आदेश दिए थे। यह भी निर्देश दिए गए थे कि बच्चे 28 जून से आएंगे। 28 व 29 जून को बच्चों को 10:30 बजे तक ही स्कूल में रोका जाएगा। वहीं एक जुलाई से 7:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक निर्धारित समयानुसार विद्यार्थी उपस्थित रहेंगे। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी स्वाती भारती ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को स्कूलों का लगातार निरीक्षण करने के निर्देश जारी किए हैं।