सीडीओ ने आसफपुर ब्लाक के गांव दूंदपुर में समाजवादी पेंशन के संबंध में मिली शिकायतों के आधार पर पीएलबी लीड बैंक प्रबंधक चारू भट्टाचार्य और आसफपुर के बीडीओ सुभाष नेमा को जांच सौंपी है। सीडीओ को पेंशन के लिए पात्र महिलाओं ने बताया था कि उनकी पेंशन समाज कल्याण विभाग ने जारी कर दी है, लेकिन बैंक में बताया गया कि उनकी पेंशन की राशि खाते से निकल चुकी है। महिला का कहना था कि जब उसने पेंशन निकाली ही नहीं तो उसके खाते से कैसे निकल गई। यही नहीं तमाम पात्र महिलाओं ने रोजगार सेवक पर आरोप लगाया है कि उसने एक-एक हजार रुपये पेंशन के नाम पर मांगे हैं। न देने पर पेंशन उलझाने का आरोप लगाया है।
बृहस्पतिवार को दूंदपुर निवासी लज्जावती पत्नी अमर सिंह और अन्य महिलाएं सीडीओ के समक्ष पेश हुईं। उनका कहना था कि समाज कल्याण विभाग से उनकी समाजवादी पेंशन खाते में चली गई। जब वह आसफपुर की पीएनबी शाखा पहुंची तो पता चला कि उनके खाते से किसी दूसरे व्यक्ति ने पैसा निकाल लिया है। बैंक के कैशियर के पास शिकायत करने पहुंची तो उसने इनसे पास बुक लेकर उस पर इंट्री और कर दी और इनके साथ अभद्र व्यवहार भी किया।
इधर, इसी प्रकरण में 20-25 महिलाओं ने सीडीओ से मिलकर अपनी शिकायत दर्ज कराई कि समाजवादी पेंशन के नाम पर रोजगार सेवक नाजिम ने उनसे एक-एक हजार रुपये मांगे हैं। उसने इन्हें धमकाया है कि रुपये नहीं दिए तो वह उनकी पेंशन नहीं निकलने देगा।
सीडीओ देवेंद्र सिंह कुशवाहा ने कहा है कि दोनो शिकायतें बेहद गंभीर हैं। इसलिए इसकी जांच कराना जरूरी है। सीडीओ ने दो सदस्यीय टीम को बैंक और गांव जाकर पूरे प्रकरण की जांच कर आख्या दो दिन के अंदर दें, ताकि दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जा सके।