मृतक राजेंद्र मौर्य की फाइल फोटो।
उझानी। सरौरा मोहल्ले से रविवार दोपहर लापता सेल्समैन राजेंद्र मौर्य का शव देर रात बसोमा के पास पेड़ पर लटका मिला। पुलिस ने रात में ही शव कब्जे में ले लिया, लेकिन शिनाख्त सोमवार सुबह हो पाई। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराके शव उनके परिजनों को सौंप दिया है।
राजेंद्र मौर्य उर्फ राजू (50) कस्बे के सरौरा मोहल्ले के निवासी थे। करीब दो महीने से उनका मानसिक चिकित्सक से इलाज कराया जा रहा था। पहले वह सेल्समैन थे। चार बेटों में शेर सिंह ने बताया कि वह रविवार दोपहर करीब दो बजे लापता हो गए। इसके बाद आसपास इलाके में खोजबीन भी की गई, लेकिन कहीं पर पता नहीं लग पाया। सोमवार सुबह कोतवाली पुलिस की ओर से उन्हें बताया कि गया कि बसोमा रेलवे लाइन के पास सड़क किनारे पेड़ से लटका राजू का शव मिला है। बेटों ने बदायूं पहुंचकर शव की शिनाख्त की।
पुलिस के मुताबिक रात में करीब 11 बजे चौकीदार के जरिये शव के बारे में सूचना मिली तो मौका मुआयना किया गया, लेकिन रात में शिनाख्त नहीं हो पाई थी। प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार सिंह ने बताया कि मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है।