बदायूं। नए वर्ष की शुरुआत में किसानों के लिए बड़ी सौगात सामने आई है। पूर्व राज्य मंत्री एवं शहर भाजपा विधायक महेश चंद्र गुप्ता के प्रयास से सलारपुर विकासखंड को आकांक्षात्मक विकासखंड योजना में शामिल किया गया है। मुख्यमंत्री की स्वीकृति के बाद इस योजना के अंतर्गत विकासखंड को कृषि एवं संबद्ध सेवाओं के विकास के लिए 1.50 करोड़ रुपये की धनराशि प्रदान की गई है।
इस धनराशि से सलारपुर विकासखंड मुख्यालय परिसर में कृषि एवं डिजिटल सेंटर, किसानों के लिए आधुनिक सभागार तथा अतिथि गृह का निर्माण कराया जाएगा। यह परियोजना क्षेत्रीय किसानों को आधुनिक कृषि सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
प्रदेश के 100 विकासखंडों को आकांक्षात्मक विकासखंड के रूप में चयनित किया गया है, जिनमें बदायूं का सलारपुर विकासखंड भी शामिल है। विकासखंड परिसर में बनने वाला कृषि एवं डिजिटल सेंटर दो मंजिला होगा। भूतल पर किसानों के लिए बीज भंडारण के दो बड़े गोदाम तथा जनसुविधा के लिए शौचालय का निर्माण किया जाएगा। प्रथम तल पर किसानों की गोष्ठियों के लिए आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित सभागार, अतिथि गृह एवं शौचालय का निर्माण कराया जाएगा।
वर्जन
सलारपुर विकासखंड के आकांक्षात्मक योजना में शामिल होने से यहां के किसानों को हर प्रकार का लाभ मिलेगा। इससे किसानों की आय में वृद्धि होगी और क्षेत्र का समग्र विकास संभव हो सकेगा। मेरा निरंतर प्रयास है कि बदायूं विधानसभा को एक आदर्श क्षेत्र के रूप में स्थापित किया जाए।
महेश चंद्र गुप्ता, नगर विधायक