फायर ब्रांड लहजे के लिए मशहूर साध्वी गुरुवार को अपने मिजाज की तरह नजर आईं। उन्होंने प्राचीन रामलीला के समापन पर भगवान श्रीराम के स्वरूपों का तिलक कर रामलला के मंदिर का संकल्प दोहराया। साध्वी ने कहा कि सूरज अपनी गर्मी छोड़ दे, चंद्रमा अपनी शीतलता छोड़ दे और समुद्र बहना छोड़ दे... इसके बाद भी राम मंदिर का निर्माण नहीं रुक सकता है। इस मौके पर उन्होंने बड़े ही कड़े लहजे में सवाल उठाया कि राम मंदिर अयोध्या में नहीं.. तो क्या मक्का मदीना में बनेगा? इस पर मैदान भारत माता के जयघोष से गूंज उठा।
साध्वी ने कहा कि 169 वर्ष पुराने इस रामलीला के मंच पर आकर वह धन्य हो गईं। मुझसे लोग पूछते हैं कि राम मंदिर का निर्माण होगा या नहीं? तब कहना चाहती हूं, अवश्य होगा-अवश्य होगा। दुनिया की कोई ताकत इसे रोक नहीं सकती। अयोध्या में भगवान राम का जन्म हुआ है। यह सारी दुनिया जानती है। मस्जिद कहां से आई.. कोई नहीं जानता।
साध्वी ने तीन तलाक पर कहा ऐसा कोई भी कानून जो महिलाओं का जीवन बर्बाद करे, उसका वह विरोध करेंगी। तीन तलाक के माध्यम से महिलाओं की जिंदगी बर्बाद होती है। गुस्से में आकर महिला को घर से निकाल दिया जाता है। इसका प्रयोग करने वाले केवल अपनी राजनीति चमका रहे हैं। हमारा देश सेक्यूलर है, तो वह कम्युनल कैसे हो सकता है। उन्होंने कहा कि यदि फतवे ही जारी करने हैं, तो महिलाओं का उत्पीड़न करने वालों के खिलाफ करो, तो वह भी उनके साथ होंगी।
इस दौरान शैलेश पाठक, जगदीश राजोरिया, अरुण शर्मा, सुधीर मिश्र, सुनील सिंह, राहुल शर्मा, वीरेश यादव, मनोज शर्मा, भाजपा नेत्री प्रेमलता सिंह, वरुण शर्मा, सुधाकर शर्मा, देव मोहन पाठक, वीरेंद्र पाठक, आशीष वाल्मीकि, सोनू वाल्मीकि, प्रेमपाल सर्वा मौजूद रहे।