बदायूं। मंगलवार को एआरटीओ प्रवर्तन सुहैल अहमद ने बिसौली में यातायात जागरुकता कार्यक्रम आयोजित कर बसों के चालक व परिचालकों को शराब पीकर व ओवर स्पीड में गाड़ी न चलाने आदि की शपथ दिलाई। साथ ही यातायात नियमों का पालन करने की अपील की।
एआरटीओ ने कहा कि आपका परिवार आपकी सलामती की हर दम दुआ करता है। आप सलामत रहेंगे, तो परिवार खुशहाल रहेगा। इसलिए यातायात के नियमों का कड़ाई से पालन करें। उन्होंने पंपलेट बांटकर राहगीरों को भी जागरुक किया। कहा कि बिना हेलमेट व बिना सीट बेल्ट लगाए यात्रा करते हुए वाहन चालकों से सुरक्षा कवच लगाकर यात्रा करने व यातायात के नियमों का पालन करने की अपील की। कहा कि वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग बिलकुल न करें, नशे या नींद की हालत में वाहन न चलाएं, वाहन को हमेशा अपनी लेन में ही चलाएं। मोड़ पर होर्न अवश्य बजाएं। साथ ही रात में डिपर का प्रयोग करें। वाहन चलाते समय हाथ बाहर न निकालें इससे अन्य चालक का भ्रम हो सकता है। जब तक अगले वाहन से संकेत न मिले तब तक ओवरटेक न करें। अस्पताल, विद्यालय व स्कूल के निकट वाहन धीमी गति में चलाएं।
घायल को पहुंचाने वाले से नहीं होगी कोई पूछताछ
-एआरटीओ ने कहा कि दुर्घटना की स्थिति में गोल्डन ऑवर शुरू का एक घंटा जान बचाने के लिए काफी महत्वपूर्ण होता है। ऐसे में घायल व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाने में संकोच न करें। जो भी व्यक्ति घायल को अस्पताल पहुंचाएगा उस व्यक्ति से पुलिस द्वारा कोई पूछताछ नहीं होगी। उन्हें दुर्घटना के संबंध में गवाह बनने के लिए बाध्य नहीं किया जाएगा। घायल व्यक्ति का किसी भी अस्पताल में तुरंत इलाज शुरू किया जाएगा। उन्हें अस्पताल के बिल भुगतान के लिए बाध्य नहीं किया जाएगा।