बदायूं। शहर के रजिस्ट्री ऑफिस परिसर में दिनदहाड़े हुई चोरी की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। खेत की रजिस्ट्री कराने आए एक व्यक्ति का बैग शातिर चोर बेंच से पार कर ले गया। बैग में करीब 3 लाख 30 हजार रुपये नकद, बैंक से जुड़े दस्तावेज, रेलवे आईडी कार्ड समेत अन्य जरूरी सामान रखा था। घटना के बाद रजिस्ट्री ऑफिस परिसर में अफरा-तफरी मच गई। पीड़ित ने कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है, इस पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया है। जबकि पुलिस सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ आरोपी का पता लगा रही है।
कछला वार्ड संख्या-01 निवासी किसान उमेश चंद्र सिंह बृहस्पतिवार को अपने खेत की रजिस्ट्री कराने के लिए बदायूं स्थित रजिस्ट्री ऑफिस पहुंचे थे। सुबह से ही रजिस्ट्री की प्रक्रिया पूरी कराने में वह व्यस्त रहे। बताया जा रहा है कि दोपहर बाद रजिस्ट्री की औपचारिकताएं पूरी होने के बाद उन्होंने अपना बैग परिसर में रखी लोहे की बेंच पर रख दिया।
इसी दौरान किसी ने मौका पाकर बैग पार कर दिया। पीड़ित के मुताबिक, बैग में एसबीआई की पासबुक, चेकबुक, मोबाइल चार्जर, रेलवे का आईडी कार्ड, सुपरवाइजर डायरी और करीब 3 लाख 30 हजार रुपये नकद रखे थे। पीड़ित ने आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की और काफी देर तक बैग की तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं लग सका।
पीड़ित ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली और रजिस्ट्री ऑफिस परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी। कोतवाल संजय सिंह ने बताया आरोपी का पता लगाया जा रहा है। जल्द ही उसे पकड़ा जाएगा।
-
शहर में सुरक्षा इंतजामों की खुली पोल
रजिस्ट्री ऑफिस जैसे संवेदनशील सरकारी परिसर में दिनदहाड़े लाखों रुपये चोरी होने की घटना के बाद सुरक्षा इंतजामों को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। लोगों का कहना है कि रजिस्ट्री ऑफिस में रोजाना बड़ी संख्या में लोग नकदी और जरूरी दस्तावेज लेकर आते हैं, लेकिन वहां सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नजर नहीं आते। परिसर में सक्रिय शातिर चोरों के चलते लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है।