फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Budaun News: नौकरी और स्पोर्ट्स कॉलेज में प्रवेश के नाम पर 20 लाख ठगे

विज्ञापन
विज्ञापन
बिसौली। सरकारी नौकरी दिलाने और स्पोर्ट्स कॉलेज में प्रवेश कराने का झांसा देकर 15 लोगों से लगभग 20 लाख रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है। आरोपी खुद को जिला समन्वयक अधिकारी बताकर खेल मंत्री, एसएसपी और कई बड़े नेताओं व अधिकारियों से करीबी संबंध होने का दावा करता था। आरोप है कि वर्ष 2023 से चल रहे फर्जीवाड़े में कई लोगों को फर्जी नियुक्ति पत्र भी दिए गए थे। वेतन न मिलने पर मामला खुला। सोमवार को पीड़ित कोतवाली पहुंचे और पुलिस से कार्रवाई की मांग की।
विज्ञापन

कोतवाली क्षेत्र के गांव विधानगला निवासी दानसिंह ने पुलिस को दिए शिकायती पत्र में कहा है कि परसिया गांव के एक युवक से उनकी पुरानी जान-पहचान थी। इसी का फायदा उठाकर आरोपी ने विभिन्न सरकारी विभागों में नौकरी, स्टेडियम में खेल प्रशिक्षक और स्टाफ नर्स की नियुक्ति कराने का भरोसा दिया था। साथ ही लखनऊ स्थित गुरु गोविंद सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज में प्रवेश दिलाने का भी झांसा दिया।
आरोप है कि विश्वास जीतने के लिए उसने कई लोगों को फर्जी नियुक्ति पत्र दिए। कुछ लोगों से अमरोहा, बरेली के डोरीलाल स्टेडियम और बगरैन स्टेडियम में करीब चार महीने तक काम भी कराया। वेतन नहीं मिलने और नियुक्ति की हकीकत सामने आने पर पीड़ितों को ठगी का अहसास हुआ।
विज्ञापन

शिकायती पत्र के मुताबिक, सौरभ कुमार से खेल प्रशिक्षक की नौकरी के नाम पर 1.20 लाख रुपये, दानसिंह की पत्नी श्वेता से स्टाफ नर्स की नौकरी के लिए 3.50 लाख रुपये और दानसिंह से 1.60 लाख रुपये लिए गए। रामपुर निवासी उमेश कुमार से उनके 14 वर्षीय बेटे का स्पोर्ट्स कॉलेज में प्रवेश कराने के नाम पर तीन लाख रुपये लेने का आरोप है।
पुष्पपाल से 1.50 लाख और बरेली निवासी वीरेंद्र से चतुर्थ श्रेणी की नौकरी दिलाने के नाम पर 1.20 लाख रुपये लेने की शिकायत की गई है। वीरेंद्र के मुताबिक, उन्होंने वर्ष 2023 में नौकरी की उम्मीद में रकम दी थी। नियुक्ति नहीं होने पर मध्यस्थ के जरिये रुपये वापस मांगे, लेकिन रकम नहीं मिली। पीड़ितों ने पहले एसएसपी को भी शिकायती पत्र दिया था। इसकी जांच सीओ कार्यालय को सौंपी गई है।
सोमवार को सीओ कार्यालय में पीड़ितों के बयान दर्ज किए गए। बताया गया कि पिछले दिनों दोनों पक्षों के बीच समझौता भी हुआ था, लेकिन रकम वापस करने को लेकर विवाद बना हुआ है। सीओ अंशुमान श्रीवास्तव ने बताया कि पीड़ितों के बयान दर्ज किए गए हैं। मामले की जांच कर रिपोर्ट एसएसपी को भेजी जाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें