बदायूं जिले में तीसरे सोमवार को लेकर भी रूट डायवर्जन लागू कर दिया गया है। हालांकि शुक्रवार दोपहर से छोटे वाहनों पर प्रतिबंध नहीं लगाया गया था, लेकिन रात आठ बजे से उन पर भी प्रतिबंध लगा दिया गया। दोपहर से बड़े वाहनों पर रोक लगा दी गई।
श्रावण मास में कांवड़ियों की सुरक्षा व्यवस्था के तहत रूट डायवर्जन लागू किया गया है। सावन मास का यह तीसरा सोमवार है। इससे शुक्रवार रात आठ बजे से पूर्णतया रूट डायवर्जन कर दिया गया। हालांकि पिछले सप्ताह कांवड़ियों की संख्या देखते हुए बृहस्पतिवार को ही रूट डायवर्जन कर दिया गया था। तब डायवर्जन पांच दिन तक लागू रहा। इससे स्थानीय और अन्य जिलों के यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
ये भी पढ़ें- हनी ट्रैप: नौकरीपेशा लोगों को जाल में फंसाती थीं लड़कियां, हिमानी की गिरफ्तारी के बाद कई गैंग रडार पर
इस बार भी अनुमान लगाया जा रहा था कि बृहस्पतिवार को रूट डायवर्जन लागू कर दिया जाएगा लेकिन बृहस्पतिवार सुबह कांवड़ियों की संख्या ज्यादा देखने को नहीं मिली। इससे डायवर्जन लागू नहीं किया गया।
शुक्रवार दोपहर से बड़े वाहनों पर रोक लगा दी गई। बरेली-मथुरा हाईवे पर बैरियर लगा दिए गए। खेड़ा नवादा पुलिस चौकी से बरेली जाने वाली सभी रोडवेज बस और ट्रक आदि जाने से रोक दिए गए। उन्हें कुंवरगांव, आंवला और गैनी अलीगंज होते हुए बरेली के लिए भेजा गया। शाम तक छोटे वाहनों पर प्रतिबंध रहा लेकिन रात आठ बजे के बाद उन पर भी रोक लगा दी। अब अगले तीन दिन तक जिले में डायवर्जन लागू रहेगा।