रोज डे पर 50 का बिका गुलाब
सात फरवरी से वैलेंटाइन वीक की शुरुआत हो गई है। पहले दिन सात फरवरी को छात्रों और खासकर युवा वर्ग के लोगों ने रोज डे मनाया। रोज डे पर अपने प्रियजनों को गुलाब देने का सिलसिला आम रहा। इसके चलते गुलाब 50 रुपये का बिका।
प्रेमी युगलों के लिए फरवरी प्यार का महीना खास होता है। सात फरवरी से वेलेंटाइन वीक की शुरुआत हो जाती है, जिसमें रोज डे से, प्रपोज डे, समेत वैलेंटाइन डे समेत तमाम दिन होते हैं, जो प्रेम के रिश्तों से जुड़े होते हैं। इस वैलेंटाइन वीक के पहले दिन रोज डे पर शहर के तमाम युवाओं ने अपने प्रियजनों को गुलाब का फूल देकर रोज डे मनाया। युवाओं ने अपने दिल की बात अपने प्रियजन से की।
शहर में एक होटल के सामने दुकान लगाकर फूल विक्रेता मनोज सैनी ने कहा कि स्टिक रोज को बाहर से मंगवाना पड़ा। इस वजह से 50 रुपये से कम कीमत पर बेचने की स्थिति नहीं है। युवा वर्ग खूब गुलाब खरीद रहे हैं, वो लोग मोलभाव नहीं करते हैं, क्योंकि प्यार के इस पर्व पर लोगों के भावनाएं खास होती हैं।
आज की तारीख सात-दो
सोशल साइट्स पर भी रोज डे की धूम रही। तमाम लोगों ने अपने हिसाब से मैसेज और चुटकुले भेजे। एक शख्स ने ग्रुप पर लिखा आज की तारीख है (7, 2) यानि की सात- दो, इसलिए सभी एक दूसरे का साथ दो ग्रुप में भी और परिवार में भी।