फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ओवरहेड टैंक पर चढ़े रोजगार सेवक, कूदने की धमकी

Sat, 24 Jan 2015 07:57 PM IST
badaun
विज्ञापन
विज्ञापन
मानदेय भुगतान न होने से नाराज रोजगार सेवकों ने ओवरहेड टैंक पर चढ़कर प्रदर्शन किया। इस दौरान रोजगार सेवकों ने कई बार ऊपर से कूदने की धमकी भी दी। तीन घंटे तक रोजगार सेवकों और प्रशासनिक अधिकारियों के बीच कई दौर की वार्ता चली। इसके बाद रोजगार सेवक ओवरहेड टैंक से नीचे उतरे। प्रशासन ने उनको आश्वासन दिया है कि एक सप्ताह के भीतर मानदेय भुगतान करा दिया जाएगा।
विज्ञापन

जिले के पंद्रह ब्लाकों में कुल 825 रोजगार सेवक तैनात हैं। इनकी तैनाती मनरेगा के कार्यों की देखरेख के लिए संविदा पर हुई थी। रोजगार सेवकों के मानदेय में हर साल दस प्रतिशत की वृद्धि का प्रावधान है। रोजगार सेवकों को पंद्रह महीने से मानदेय भुगतान नहीं हुआ है। मानेदय भुगतान की मांग को लेकर कई महीने से ब्लाक स्तर पर प्रदर्शन भी हो रहे हैं। अधिकारी इनकी मांगों को लगातार नजरअंदाज कर रहे थे। शनिवार को उत्तर प्रदेश ग्राम रोजगार सेवक (पंचायत मित्र) वेलफेयर एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष शेर सिंह यादव के नेतृत्व में रोजगार मालवीय आवास पर धरना देने पहुंचे। काफी देर तक धरने पर बैठे रहने के बाद भी कोई अधिकारी नहीं आया तो रोजगार सेवकों ने कलक्ट्रेट की ओर कूच कर दिया। यहां पहुंचने के बाद रोजगार कलक्ट्रेट में बने ओवरहेड टैंक पर चढ़कर नारेबाजी करने लगे। करीब तीन घंटे तक कलक्ट्रेट में यह हाई वोल्टेज ड्रामा चलता रहा। बाद में एसडीएम सदर प्रदीप यादव, पीडी रक्षपाल यादव, सीओ सिटी राजेंद्र सिंह धामा और एसओ सिविल लाइंस अजय यादव ने इनको समझाने की कोशिश की। रोजगार सेवक मानदेय भुगतान की मांग पर अड़े रहे। प्रशासन की ओर से उनको 28 जनवरी तक मानदेय भुगतान का आश्वासन दिया गया। इसके बाद रोजगार सेवक ओवरहेड टैंक से नीचे उतरे।

भुखमरी के कगार पर कई परिवार: अखिलेश
बदायूं। मानदेय न मिलने से कई रोजगार सेवकों के परिवार भुखमरी के कगार पर पहुंच गए हैं। रोजगार सेवक संघ के प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि प्रशासन मनमानी कर रहा है। प्रशासनिक मद में बजट होने के बाद भी रोजगार सेवकों का मानदेय भुगतान नहीं किया जा रहा है।
विज्ञापन


उग्र प्रदर्शन का फैसला मजबूरी में लिया: शेरसिंह
बदायूं। रोजगार सेवक संघ के जिलाध्यक्ष शेरसिंह यादव ने कहा कि उग्र प्रदर्शन का निर्णय मजबूरी में लिया गया है। कई महीनों से हम लोग ब्लाक मुख्यालयों पर प्रदर्शन कर रहे हैं लेकिन अधिकारी सुन ही नहीं रहे। खंड विकास अधिकारियों ने ब्लाक मुख्यालय पर आना बंद कर दिया। ऐसे में उनके सामने इसके अलावा दूसरा कोई रास्ता नहीं था।
विज्ञापन


टाइम लाइन
12.00 बजे
रोजगार सेवक मालवीय आवास पर जमा हुए
1.10 बजे
मालवीय आवास से कलक्ट्रेट की ओर कूच
1.20 बजे
कलक्ट्रेट में बने ओवरहेड टैंक पर चढ़ने लगे
1.55 बजे
एसओ सिविल लाइंस अजय यादव मौके पर पहुंचे
2.10 बजे
एसडीएम सदर प्रदीप यादव मौके पर पहुंचे
2.20 बजे
सीओ सिटी राजेंद्र सिंह धामा मौके पर पहुंचे
2.30 बजे
रोजगार सेवक संघ के प्रदेश अध्यक्ष अखिले यादव आए
2.40 बजे
परियोजना निदेशक रक्षपाल यादव मौके पर पहुंचे
2.50 बजे
एक घंटे में हल न निकलने पर टैंक से कूदने की धमकी
3.20 बजे
वार्ता निपटी, रोजगार सेवक टैंक से उतरे
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें