बदायूं। बेखौफ बदमाशों ने रविवार को अलग-अलग स्थानों पर दिनदहाड़े चार लूट की वारदात को अंजाम देकर दहशत फैला दी। पहली वारदात कादरचौक में हुई। यहां पत्नी और बच्चों के साथ बहनोई के घर जा रहे बैंक मैनेजर की तमंचे के बल पर बाइक रुकवाकर बदमाशों ने दस हजार नकदी समेत जेवरात उतरवा ले गए। इसके बाद कादरचौक इलाके में ही साढ़ू के घर जा रहे बाइक सवार को रोककर बादमाश उसकी पत्नी से जेवरात और नकदी लूट ले गए।
पुलिस इन बदमाशों का सुराग लगा पाती कि उसहैत थाना क्षेत्र में गंगाघाट पर प्रसाद चढ़ा रहे दंपती से बच्चा छीन लिया फिर बच्चे को गोली मारने की धमकी देते हुए नकदी-जेवर लूटकर फायरिंग करते हुए फरार हो गए। चौथी वारदात बिनावर थाना क्षेत्र में हुई। यहां लिफ्ट देने के बहाने बदमाशों ने व्यापारी से 39 हजार रुपये लूट लिए। एक ही दिन में लूट की चार वारदात होने से पुलिस में खलबली मच गई है। एसपी सिटी अमित किशोर श्रीवास्तव कादरचौक थाने में डेरा डाले हुए हैं।
-
पत्नी बच्चों के साथ बहनोई के घर जा रहे बैंक मैनेजर और दंपती से लूटपाट
कादरचौक। बदायूं के कृष्णानगर कॉलोनी सुबोध इंदिरा चौक के पास स्थित इंडो बैंक के मैनेजर हैं। रविवार को वह बाइक से पत्नी और बच्चों के साथ कादरचौक के रहने वाले बहनोई रजनेश के घर जा रहे थे। रास्ते में निजामपुर गांव के पास पीछे से आए तीन बाइक सवार बदमाशों ने तमंचे के बल पर उन्हें रोक लिया। लुटेरों ने उनकी कनपटी पर तमंचा रख दिया। उनकी पत्नी का मंगलसूत्र, सोने की चेन, 10 हजार नकदी और दो मोबाइल लूटकर फरार हो गए। दिनदहाड़े हुई वारदात की सूचना पर एसपी सिटी अमित किशोर श्रीवास्तव, एसएचओ कादरचौक वेदपाल सिंह ने मौका मुआयना किया।
इस घटना के कुछ सतय बाद ही कादरचौक इलाके में ही धनूपुरा गांव के पास बादमाशों ने अपने साढ़ू रवेंद्र के घर होली मिलने जा रहे वजीरगंज थाने के गांव खुर्ररमपुर भमोरी निवासी विजय मिश्रा, उनकी पत्नी सीमा और विजय के साले प्रशांत शर्मा की बाइक को रुकवा लिया। बदमाशों ने विजय की कनपटी पर तमंचा रखकर 12 सौ नकदी, सीमा के कानों के झाले, सोने की चेन लूटकर फरार हो गए।
अटैना घाट पर बच्चे को गन प्वाइंट पर लेकर दंपती को लूटा
उसहैत। रविवार को ही बाइक सवार तीन बदमाशों ने अटैना घाट पर गंगा में प्रसाद चढ़ा रहे दंपती की गोद से डेढ़ साल का बच्चा छीन लिया। बच्चे को गोली मारने की धमकी देते हुए दंपती से लूटपाट कर बदमाश फायरिंग करते हुए फरार हो गए।
एटा जिले के गांव रजाक रामपुर निवासी अर्जुन अपनी पत्नी अनीता और डेढ़ साल के बच्चे के साथ अपनी ससुराल शाहजहांपुर जिले के कलान थाना क्षेत्र के गांव ग्योति में दो दिन पहले गए थे। रविवार दोपहर करीब एक बजे वह ससुराल से अपने घर जा रहे थे। उसहैत थाना क्षेत्र में अटैना घाट पर बाइक रोककर गंगा में प्रसाद चढ़ाने लगे।
इस दौरान पीछे से आए बाइक सवार बदमाशों ने तमंचा दिखाते हुए अनीता की गोद से बच्चा छीन लिया। उन्होंने बच्चे की कनपटी पर तमंचा रखते हुए सोने की चेन, अंगूठी, झुमकी लूट लीं। इसके बाद बदमाश फायरिंग करते हुए फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बदमाशों की तलाश की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चला।
बिनावर में लिफ्ट देकर व्यापारी से लूटपाट
बिनावर। बरेली-मथुरा हाईवे पर बाइक सवार दो बदमाशों ने लिफ्ट देकर व्यापारी से लूटपाट की। दिनदहाड़े हुई इस घटना को पुलिस दबाने का प्रयास कर रही है। रविवार को बिनावर थाना क्षेत्र के गांव उसैता निवासी चोकर व्यापारी जाकिर बरेली के भमोरा निवासी चोकर व्यापारी को रुपये देने जा रहे थे।
वह विजय नगला के पास सवारी के इंतजार में खड़े थे। इस दौरान बाइक सवार दो बदमाशों ने उनसे बरेली का रास्ता पूछा और उनसे भमोरा तक रास्ता बताने की बात कहते हुए बैठा लिया। रास्ते में बदमाशों ने तमंचे के बल पर उनसे 39 हजार रुपये लूट लिए। पीड़ित ने घटना की जानकारी पुलिस को दी, लेकिन पुलिस इसे लूट मानने को तैयार नहीं है।
वर्जन ...
- कादरचौक और उसहैत क्षेत्र में लूट की घटनाएं हुई हैं। लुटेरों ने पहली घटना कासगंज के पटियाली में की थी। वहीं से वह कादरचौक क्षेत्र में आ गए। लुटेरों की तलाश के लिए पांच टीमों का गठन किया गया है। पुलिस को कुछ साक्ष्य मिले हैं। घटना के खुलासों का प्रयास किया जा रहा है। बिनावर में हुई घटना संदिग्ध है। - अमित किशोर श्रीवास्तव, एसपी सिटी
(12 बीडीएन-21)थाना विनावर में खड़े लूटपाट के पीड़ित के परिजन।संवाद
(12 बीडीएन-21)थाना विनावर में खड़े लूटपाट के पीड़ित के परिजन।संवाद
(12 बीडीएन-21)थाना विनावर में खड़े लूटपाट के पीड़ित के परिजन।संवाद
(12 बीडीएन-21)थाना विनावर में खड़े लूटपाट के पीड़ित के परिजन।संवाद