हिंदू महासभा के कमलेश तिवारी द्वारा दिए गए बयान पर मुस्लिमों में आक्रोश बढ़ता ही जा रहा है। मंगलवार को जिले भर में प्रदर्शन कर पुतले फूंके गए। ककराला में विशाल प्रदर्शन हुआ, जिसमें कहा गया कि पैगंबर साहब की शान में गुस्ताखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन पर टिप्पणी करने वाले को फांसी दी जाए।
ककराला में मुस्लिमों ने हाजी मुमताज मियां के नेतृत्व में जुलूस निकालकर जोरदार प्रदर्शन किया। राष्ट्रपति एवं प्रधानमंत्री सहित राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन एसडीएम दातागंज को दिए। जुलूस जियारत शरीफ से शुरू होकर ककराला के विभिन्न मार्गों से हाजी असगर के यहां पहुुंचा। इमाम और मौलवियों ने कमलेश के बयान पर रोष व्यक्त किया। प्रदर्शन में ककराला क्षेत्र के हजारों मुस्लिम शामिल हुए। मामले की गंभीरता को देखते हुए सीओ दातागंज और इंस्पेक्टर उसावां, उझानी, अलापुर और चौकी इंचार्ज ककराला के नेतृत्व में भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा। पुलिस की सक्रियता के चलते जुलूस शांतिपूर्वक ढंग से संपन्न हो गया।
बंद रहा ककराला का बाजार
ककराला मुस्लिम समुदाय के लोगों के द्वारा जोरदार प्रदर्शन किए जाने की जानकारी पाकर ककराला का मार्केट बंद रहा। मार्केट बंद करने में मुस्लिमों के साथ ही हिंदु समुदाय के लोगों ने भी साथ दिया।
एआईएमआईएम के कार्यकर्ताओं ने पुतला फूंका
बदायूं। शहर में एआईएमआईएम के कार्यकर्ताओं ने मुस्लिम युवकों के साथ जुलूस निकालकर कमलेश तिवारी का पुतला फूंक दिया। पुतला फूंकने वालों में इल्मी, राजा, कम्मू, दानिश, अश्शू, अकबर, जाहिद, सलमान, जहीर, शारिक, आकिब आदि शामिल रहे।
शिया तंजीमुल मोमिनीन कमेटी ने उठाई मांग
बदायूं। शिया तंजीमुल मोमिनीन कमेटी की बैठक में मोहल्ला काजीटोला के इमामबाड़े में हुई। इसमें अध्यक्ष अनवर आलम ने कहा कि पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब की शान में गुस्ताखी को मुस्लिम समाज बर्दाश्त नहीं करेगा। कमलेश तिवारी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए। इस मौके पर गुलाम अब्बास, जाबिर जैदी, जावेद अब्बास, मोहसिन अब्बास, कैफी जैदी, सैफी जैदी आदि मौजूद रहे।
प्रदर्शन कर प्रभारी एसओ को सौंपा ज्ञापन
इस्लामनगर। सैकड़ों मुस्लिमों ने मोहल्ला मनिहार में प्रदर्शन किया और प्रभारी एसओ नरेश सिंह को ज्ञापन दिया। प्रदर्शन करने वालों में मुसाहिद अली, वाहिद खान, सलीम खान, हाजी विकारुद्दीन, जमशेद खान, बब्बू खान, अकरम, नईम खां आदि मौजूद रहे।
सहसवान में पुतला किया आग के हवाले
सहसवान। शहबाजपुर जामा मस्जिद से जुलूस निकाला गया और कचहरी तिराहे पर कमलेश तिवारी का पुलता फूंक दिया। राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को दिया। इस मौके पर खलीर्कुरहमान, फरीदुज्जमा, सरवर अंसारी, आसिफ खान, मोहसिन खान आदि मौजूद रहे।