पुरानी चुंगी पर हादसे के बाद जाम में खड़े वाहन। संवाद
बदायूं। शहर में पुरानी चुंगी पर मंगलवार रात करीब आठ बजे रोडवेज के एक मैकेनिक की ट्रक से कुचलकर मौत हो गई। काफी देर तक शव मौके पर पड़ा रहा। करीब आधे घंटे बाद शव की शिनाख्त हो सकी। शिनाख्त के बाद परिवार के लोग ग्रामीणाें के साथ मौके पर पहुंच गए और जाम लगा दिया।
रोडवेज में संविदा मैकेनिक योगेंद्र पटेल (35) सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के गांव शिकरापुर के रहने वाले थे। मंगलवार रात करीब आठ बजे वह बरेली परिवहन निगम के कार्यालय से किसी काम को पूरा कराकर लौट रहे थे। योगेंद्र रोडवेज बस से पुरानी चुंगी पर उतरकर कुछ कदम ही चले थे कि तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें कुचल दिया। योगेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद चालक ट्रक लेकर भाग गया। काफी देर तक शव मौके पर ही पड़ा रहा। सूचना पर कोतवाली पुलिस पहुंची। पुलिस ने शहर व आस पास के गांव के तमाम व्हाट्सअप ग्रुप पर फोटो पड़वाए। इसके बाद शव की शिनाख्त हो गई। योगेंद्र की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
रात करीब नौ बजे परिजन मौके पर पहुंचे। गुस्साए परिजन व ग्रामीणों ने पुरानी चुंगी पर जाम लगा दिया। इससे दोनों तरफ वाहनों की लाइन लग गई। कोतवाली के अलावा सिविल लाइंस पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस परिजनों को समझाने का प्रयास कर रही थी।
पुरानी चुंगी पर हादसे के बाद जाम में खड़े वाहन। संवाद