रोडवेज बस स्टैंड पर खड़ी बसें। संवाद
बदायूं। जिले से काफी संख्या में लोगों का हिमाचल प्रदेश के बद्दी जिले में आना-जाना रहता है। ऐसे में परिवहन निगम दिवाली से पहले से बस सेवा शुरू कराने की तैयारी में था, लेकिन परमिट रोड़ा बना हुआ था। अब निगम को परमिट मिल गया है। अब रूट चार्ट के हिसाब से बद्दी के लिए बस का संचालन होने लगा है।
जनपद से काफी संख्या में लोग दिल्ली के अलावा बद्दी में रोजगार की तलाश में जाते हैं। इस समय भी काफी संख्या में युवा और मजदूर बद्दी जिले में काम कर रहे हैं। अधिकतर लोगों का परिवार भी वहीं रहता है।
अब तक इन लोगों के लिए बद्दी जाने के लिए कोई स्थायी बस नहीं थी। एक बस कभी-कभी जाती भी थी तो उसका लाभ लोगों को नहीं मिल पा रहा था। ऐसे में परिवहन निगम के अधिकारी बद्दी के लिए स्थायी रोडवेज बस शुरू करने की तैयारी में जुटे थे। अब शासन से बद्दी के लिए बस का परमिट मिल गया है। दिन में तीन बजे बस सेवा शुरू की गई है। ऐसे में अब बद्दी जाने वाले लोगों को दिक्कत नहीं होगी।
बिसौली के लोगों ने की थी बस सेवा की मांग
बिसौली, वजीरगंज और फैजगंज बेहटा इलाके के अधिकतर लोग हिमाचल प्रदेश के बद्दी जिले में काम करते हैं। कुछ समय पहले बिसौली कोतवाली क्षेत्र के काफी संख्या में लोगों ने एआरएम से बस चलाने की मांग की थी।
बदायूं से हिमाचल प्रदेश के बद्दी जिले के लिए रोडवेज बस सेवा शुरू करा दी गई है। इसके लिए शासन से परमिट भी मिल गया है। रूट चार्ट बनाकर बस का संचालन कराया गया है। -अजय कुमार, एआरएम, परिवहन निगम