बदायूं। शहर में पहले से ही सड़कों की हालत जर्जर है, जो सड़कें सही हैं अब उनको भी खोदकर खराब किया जा रहा है। यही वजह है कि करीब महीने भर से पुलिस लाइन चौराहे पर खोदी गई सड़क अब तक सही नहीं हुई है। वहीं रोडवेज बस स्टेशन व कचहरी के पास भी सड़क खुदी पड़ी है। इसके अलावा कई अन्य जगहों पर भी सड़कों की हालत खराब है। इसके चलते राहगीरों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
शहर के प्रमुख मार्गों और चौराहों पर सड़कों की खोदाई के बाद मरम्मत न कराए जाने से आवागमन बाधित हो गया है। सबसे अधिक समस्या पुलिस लाइन चौराहा पर देखने को मिल रही है। करीब एक महीने पहले जल निगम की ओर से यहां गड्ढा खोदा गया था, जो अब तक पूर्व स्थिति में नहीं लाया जा सका है।
रोजाना इस मार्ग से गुजरने वाले वाहन चालकों और राहगीरों को जाम और दुर्घटनाओं का सामना करना पड़ रहा है। स्थिति यह है कि पुराने गड्ढों को दुरुस्त करने के बजाय शहर के पुलिस लाइन से लावेला चौक की ओर को जाने वाली सड़कों समेत अन्य इलाकों में भी सड़कों की खोदाई शुरू कर दी गई है। इससे न केवल यातायात प्रभावित हो रहा है, बल्कि दुकानदारों और स्थानीय निवासियों को भी भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। राहगीर रमेश सिंह, मोहित कुमार, सोमेश मिश्रा ने कहा कि खोदी गई सड़कों की तत्काल मरम्मत कराई जाए, ताकि लोगों को आने-जाने में परेशानी न हो।
गली के सामने खोद दिया गड्ढा
शहर में पुराने डाकघर वाली गली के सामने कार्यदायी संस्था के श्रमिकों ने गड्ढा खोद दिया है। इससे वाहन चालकों को सबसे ज्यादा दिक्कत हो रही है। विशेषकर महिला वाहन चालक वहां से अपनी स्कूटी नहीं निकाल पा रहीं हैं। ऐसे में दो से ढाई किलोमीटर अतिरिक्त चलकर वे अपने गंतव्य तक पहुंच पा रहीं हैं।
लोगों ने बताई अपनी-अपनी परेशानी
चौराहे के ठीक पास में सड़क खोद दी गई है। गड्ढे को खोदे हुए भी करीब एक माह हो चुका है। इसे अब तक सुधारा नहीं गया है। इससे आवागमन में समस्या हो रही है, बावजूद इसके नगर पालिका प्रशासन इस ओर ध्यान नहीं दे रहा। -बाबू राम
पुलिस लाइन चौराहे के दो तरफ से गड्ढा खोद दिया गया है। इसको बंद कराने की कार्यदायी संस्था ने जहमत नहीं उठाई है। इसे सुधारे बिना ही संस्था ने अन्य जगह पर सड़कों की खोदाई शुरू कर दी है। नगर पालिका प्रशासन को लोगों की समस्याओं से कोई लेना-देना नहीं है। -प्रतिपाल सिंह
नगर पालिका के अधिकारियों को ध्यान में रखना चाहिए कि वह काम को जल्द से जल्द खत्म कराएं। क्योंकि मुख्य चौराहे पर यूं ही गड्ढा खुला होने से हादसा हो सकता है। शहर में समाधान की जगह समस्याएं बढ़ती जा रही हैं। - इमरानुद्दीन
शहर में पहले से ही सड़कों की हालत जर्जर है। इन्हें सही करने के बजाय सड़कों पर और गड्ढे खोदना शुरू कर दिए गए हैं। इसको बंद करने की जिम्मेदारी भी तय करनी चाहिए। ताकि समय से गुणवत्ता पूर्वक काम हो सके। -पवन गौतम
शहर में जो गड्ढे खोदे गए हैं, उसको बंद करने की जिम्मेदारी भी जल निगम की ही है। जल निगम के अधिकारियों से इस संबंध में बात कर समस्या का समाधान कराया जाएगा। -विनय कुमार मणि त्रिपाठी, ईओ, नगर पालिका
पवन गौतम
पवन गौतम
पवन गौतम
पवन गौतम
पवन गौतम
पवन गौतम
पवन गौतम