फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मुसीबत की बारिशः सड़कें बनी तालाब, खेती का बिगड़ा हिसाब

सार

पिछले तीन दिन से रुक-रुक हो रही बारिश अब मुसीबत बन गई है।अक्तूबर में होने वाली सामान्य बारिश का रिकॉर्ड दो दिन में ही टूट गया।संवाद- फोटो : BADAUN तोताराम मार्केट में जलभराव के बाद सड़कों पर आई नालों की गंदगी।
विज्ञापन
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बदायूं। पिछले तीन दिन से रुक-रुक हो रही बारिश अब मुसीबत बन गई है। खेत हों या सड़कें सब लबालब हो गए हैं। घरों और दुकानों में पानी भर गया है। खरीफ की फसलों में नुकसान के साथ बिजली आपूर्ति बाधित होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शनिवार को अलापुर और उझानी में दो मकानों पर बिजली गिर गई। कुछ जगह करंट से पशुओं की मौत हो गई। अक्तूबर में 28.20 एमएम बारिश सामान्य मानी जाती है, लेकिन महज दो दिन में ही 28.40 एमएम पानी पड़ हो चुका है।
विज्ञापन

इस बार मौसम विभाग ने 12 अक्तूबर तक भारी बारिश का अलर्ट दिया है। विभाग का पूर्वानुमान सही साबित हो रहा है। बृहस्पतिवार से शुरू हुआ बारिश का सिलसिला शनिवार को भी जारी रहा। अक्तूबर में होने वाली सामान्य बारिश का रिकॉर्ड दो दिन में ही टूट गया। बारिश की वजह से दिनभर सड़कों पर लोगों की आवाजाही कम रही। सड़कों पर नगर पालिका के नाला सफाई के दावों की भी हवा निकलती दिखाई दी।
मंडी समिति में सड़क पर घुटनों तक पानी था। दोपहिया, चौपहिया वाहनों समेत टेंपो आदि यहां बद हो गए। लोगों को धक्के मारकर वाहन आगे बढ़ाने पड़े। शहर के मोहल्ला पटियाली सराय, शहवाजपुर, जोगीपुरा, लावेला चौक से शिव चौक, इंडियन बैंक के सामने, पनबड़िया, नई सराय आदि मोहल्लों की सड़कों पर पानी भर गया। तोताराम मार्केट में तो पानी दुकानों के अंदर तक घुस गया। इससे दुकानें भी देर से खुलीं तो कई दुकानदारों ने दुकानें बंद रखीं। नेकपुर, लोचीनगला, कल्याननगर, जालंधरी सराय, कबूलपुर आदि मोहल्लों की संकरी गलियों में कीचड़ के कारण लोग परेशान रहे।
विज्ञापन

धान और उड़द के खेतों में भरा पानी, बाजरा गिरा
उझानी। शनिवार को पूरे दिन रुक-रुककर हुई बारिश ने धान की फसल को सबसे ज्यादा नुकसान पहुंचाया। कटाई से पहले खेतों में पानी भरने से बालियों के सड़ने की आशंका बनी हुई है। उड़द की फसल में भी पानी भर गया है। सुबह में बारिश के दौरान तेज हवा चल पड़ने से बाजरे की फसल भी गिर गई है। फतेहपुर निवासी किसान रामपाल सिंह के मुताबिक बारिश से फसलों को करीब 40 फीसदी तक नुकसान हुआ है। सब्जी फसलों से लागत निकालना मुश्किल हो सकता है। शिमला मिर्च में तो काफी खर्चा हो चुका है।
बिसौली। बारिश से सड़कें व बाजार सुनसान नजर आए। प्राथमिक व उच्च प्राथमिक स्कूलों समेत क्षेत्र के कई स्कूलों में पानी भरने से बच्चों को काफी दिक्कतें आईं। पहले बारिश न होने और फसल पकने पर बरसात ने किसानों की उम्मीदों पर पानी फेर दिया है। मोहम्मदपुर मई गांव निवासी किसान नरेशचंद्र शर्मा ने बताया कि बारिश के साथ चल रही तेज हवा ने धान की फसल को नुकसान पहुंचाया है। मिठामई निवासी कृषक प्रदीप शर्मा ने बताया कि धान की अच्छी फसल की उम्मीदों को बारिश से धो दिया है।
दबतोरी। बारिश से धान और टमाटर की फसल बर्बाद हो गई है। परसिया गांव में होने वाला श्याम कीर्तन का पंडाल भी ध्वस्त हो गया। गांव के ही कोल्ड स्टोर में कीर्तन का आयोजन कराना पड़ा। ओरछी। खेड़ादास निवासी शिवम के 16 बीघा धान की फसल गिर गई। अन्य किसानों को भी नुकसान हुआ है।
बिल्सी। बारिश से बिजलीघर रोड, पालिका बाजार, साहबगंज, हनुमानगढ़ी कॉलोनी में लोगों को जलभराव की समस्या से जूझना पड़ा। सड़क पर कीचड़ होने से राहगीरों को थोड़ी परेशानी हुई। करीब तीन घंटे तक सड़कों पर पानी भरा रहा। गांव गुधनी स्थित उच्च प्राथमिक स्कूल में भरे पानी के कारण बच्चे और स्टाफ परेशान रहा।
अलापुर और उझानी में मकानों पर गिरी बिजली
उझानी। गंजशहीदा मोहल्ला निवासी एपीएम कॉलेज की अनुचर वीरबाला सक्सेना के घर पर बिजली गिरने से तेज धमाका हुआ। छत की बाउंड्री करीब तीन फुट दरककर पीछे गिर गई। बरामदे के छज्जे में दरार पड़ गई। वीरबाला के अनुसार, उनके बेटे गोलू का एक हाथ मामूली रूप से झुलस गया। बिजली के उपकरणों से धुआं निकलने लगा। फ्रिज, बिजली का बोर्ड समेत स्विच जल गया। बरामदे में लगा पंखा फर्श पर गिर पड़ा।
परिजनों के अनुसार गनीमत रही कि बारिश की वजह से परिवार के अधिकतर सदस्य कमरे में थे, नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था। इधर अलापुर में वार्ड नं 12 निवासी अच्छन के दो मंजिला मकान पर बिजली गिर गई। उनके मकान की दीवारें और शौचालय का टैंक भी चटख गया। अच्छन के मुताबिक इससे उनका हजारों रुपये का नुकसान हो गया। संवाद
दो मंजिला मकान का लिंटर गिरा, दंपती घायल
बदायूं। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के गांव लखनपुर में दो मंजिला मकान का लिंटर गिर गया, जिससे दबकर दंपती घायल हो गए। परिवार वालों के मुताबिक उस वक्त खूब बरसात हो रही थी। 50 वर्षीय शैलेंद्र और पत्नी रामशीला एक कमरे में थे। उनके दो बेटे और एक बेटी दूसरी मंजिल पर थे। तभी दंपती के कमरे का लिंटर भरभराकर गिर गया। इससे वह दब गए। शोर शराबा सुनकर मोहल्ले के लोग आ गए। उन्होंने दंपती को निकालकर जिला अस्पताल में भर्ती करा दिया है। संवाद
अंडरग्राउंड केबल में करंट आने से गाय मरी
बदायूं। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के चंदोखर गौटिया इलाके में सुबह अंडरग्राउंड केबल में करंट आने से एक गाय मर गई। बताया जा रहा है कि वहीं पर जक्शन बॉक्स भी था। उसमें भी करंट आ रहा था। जैसे ही गाय उधर से गुजरी कि वह केबल की चपेट में आ गई। कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई। सूचना पर पशु प्रेमी विकेंद्र शर्मा पहुंच गए। सूचना पर विद्युत कर्मियों ने केबल काटकर करंट बंद कराया। इधर, मूसाझाग थाने के सामने हाईटेंशन लाइन टूटकर गिरने से एक भैंस भी मर गई, जबकि तमाम लोग बाल-बाल बच गए। सूचना के बाद सप्लाई बंद कराई गई। संवाद

मंडी समिति रोड पर जलभराव में बंद हुए टेंपों को धक्के मारकर ले जाते लोग। संवाद- फोटो : BADAUN

गांधी ग्राउंड से शिवचौक जाने वाले रास्ते पर हुआ जलभराव। संवाद- फोटो : BADAUN

तोताराम मार्केट में जलभराव के बाद सड़कों पर आई नालों की गंदगी। संवाद- फोटो : BADAUN

मुरादाबाद फर्रुखाबाद रोड पर मंडी समिति के पास सड़क बनीं तालाब। संवाद- फोटो : BADAUN

विचौक से पनबड़िया वाले रास्ते पर हुए जलभराव में फंसे लोग। संवाद- फोटो : BADAUN

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें