बदायूं। ग्रामीण इलाकों में टूटी सड़कों और जलभराव की समस्या से लोगों केा राहत मिलेगी। लोक निर्माण विभाग ने जिले के 25 गांवों में सड़क और नाली निर्माण की योजना तैयार की है। इस पर ढाई करोड़ रुपये की लागत आने का अनुमान है। योजना पूरी होने के बाद गांवों में आवागमन आसान हो जाएगा और बरसात के समय जलभराव की दिक्कत भी दूर होगी।
विभाग के अनुसार बारिश के दौरान क्षतिग्रस्त हुई सड़कों को दुरुस्त करने और जल निकासी सुधारने के लिए यह कार्य कराया जा रहा है। इसमें बसपुर फिरोजपुर से फतनपुर ठप्पा हवेल मार्ग, खंडुआ से बसंतनगर, धर्मपुर से गंदरोली, सिचौरी से पुरोहितखेड़ा, धोबाई से नसीरपुर ठप्पा मलसई, मोहम्मदपुर से पुरोहितखेड़ा, रसूलपुर डांस से वाजिदपुर सुजातगंज, मकंरदपुर से तालिबनगर सहित भटानी, नूरपुर, सर्वा, जरैंडा, निजरा, उघैती, गनगोली दासपुर, शरहा बरौलिया, कोट, धिमरापुरा, कन्हरपुर, सुजावली, ज्यौरापारा वाला, कुंदनपुर और भुसैया गांव शामिल हैं। इन सभी स्थानों पर आबादी वाले हिस्सों में सीसी रोड और नालियों का निर्माण कराया जाएगा।
-
वर्जन
25 गांवों में सड़कें, सीसी रोड और नाली का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए आवश्यक प्रक्रिया चल रही है। - देवपाल सिंह, अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग, बदायूं