उझानी में सड़क के चौड़ीकरण को खोदे गए फुटपाथ। संवाद
उझानी। कल्याण सिंह चौक से मंडी समिति तिराहे तक मुख्य बाजार की सड़क के चौड़ीकरण का काम तेज कर दिया गया है। करीब छह करोड़ रुपये की लागत से चौड़ीकरण का काम होना है। निर्माण कार्य पूरा हो जाने के बाद लोगों को बाजार में जाम से राहत मिलेगी।
भरतपुर- पीलीभीत राजमार्ग के भीतरी भाग के चौड़ीकरण के कार्य की आधारशिला कांवड़ यात्रा से पहले केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा ने रखी थी। पीडब्ल्यूडी ने कल्याण सिंह चौक के पास से फुटपाथ की खोदाई का काम उसी दौरान शुरू करा दिया था, लेकिन कांवड़ यात्रा शुरू हो जाने और बारिश की वजह से काम करीब एक महीना के लिए रोक दिया गया था। इसी के साथ पिछले दिनों पीडब्ल्यूडी ने निर्माण कार्य तेजी से कराने के लिए खोदाई का काम शुरू करा दिया। एक साइड में खोदाई कल्याण सिंह चौक से सब्जी मंडी तक हो चुकी है। खोदाई वाली साइड में सड़क का चौड़ीकरण पूरा हो जाने के बाद ही दूसरी साइड के फुटपाथ पर काम शुरू होगा। दो किलोमीटर से अधिक चौड़ीकरण पर करीब छह करोड़ रुपये खर्च होने हैं। निर्माण कार्य दो महीना के अंदर पूरा होने की उम्मीद है। इसके लिए निर्माण सामग्री भी मौके पर पहुंचाई जा रही है। अधिशासी अभियंता नरेश कुमार ने बताया कि चौड़ीकरण का काम चल रहा है। आने वाले समय में आवाजाही आसान होगी।
खोदे गए फुटपाथ ने बढ़ाई दुकानदारों की दिक्कत
पीडब्ल्यूडी ने मुख्य बाजार की सड़क के चौड़ीकरण के लिए कल्याण सिंह चौक से सब्जी मंडी तक जिस साइड में फुटपाथ की खोदाई की है, उसके कुछ हिस्से में बारिश का पानी भर गया है। बाजार में छोटे वाहनों और लोगों की आवाजाही अधिक है, इसलिए लोगों के साथ आसपास के दुकानदारों को परेशानी भी हो रही है। ग्राहकों को दुकानों तक आने- जाने में असुविधा की वजह से कुछ दुकानदारों ने अस्थायी इंतजाम कर लिए हैं। राहगीर चंद्रपाल ने बताया कि कार्यदायी संस्था को नागरिकों और दुकानदारों की सुविधा के हिसाब से काम कराना चाहिए। भीड़भाड़ वाले इलाके में इसी तरह से फुटपाथ की खोदाई की जाएगी तो जाम लगने से दिक्कत ज्यादा होगी।