बदायूं। भैयादूज के दूसरे दिन शहर में ट्रैफिक व्यवस्था का बुरा हाल रहा। जिला अस्पताल रोड और रोडवेज चौराहे पर वाहनों का खासा जाम लग गया। एक घंटे तक पुलिस को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी, तब कहीं पुलिस जाम खुलवाने में कामयाब हो सकी लेकिन इस दौरान लोगों को भारी परेशानी हुई।
लावेला चौक से जिला अस्पताल रोड पर दोपहर करीब 12 बजे जाम लग गया। इसमें कई रोडवेज बसें, सीओ उझानी तक की गाड़ी जाम में फंस गई। रोडवेज स्टैंड की ओर से रोडवेज बसों का आवागमन ठप हो गया। कुछ ही देर में वाहनों की महिला अस्पताल तक लंबी लाइन लग गई। बताते हैं कि इसकी मुख्य वजह ऑटो और ई-रिक्शा रहे। एक ई-रिक्शा लोहे के एंगल लाद की कचहरी तिराहे की ओर ले जा रहा था। उसी दौरान कचहरी तिराहे की ओर से एक रोडवेज बस आ गई। अन्य वाहन भी आ-जा रहे थे कि लोहे के एंगल की वजह से आंबेडकर पार्क के नजदीक चौराहे जाम लग गया। इसकी सूचना पर कोतवाली इंस्पेक्टर विनोद कुमार चाहर पहुंच गए। उन्होंने स्वयं गाड़ी से उतरकर जाम खुलवाया।
इधर, दो बजे रोडवेज चौराहे पर जाम लग गया। बदायूं क्लब से लेकर रोडवेज चौराहा और आंबेडकर पार्क तक बसों की लाइन लग गई। कई अन्य वाहन फंस गए। गनीमत रही कि उस दौरान तीन पुलिस कर्मी और होमगार्ड मौजूद थे। जिससे उन्होंने कड़ी मशक्कत के बाद जाम खुलवाया। उन्होंने चौराहे पर बसों को ठहरने नहीं दिया। इससे बसें आती रहीं और चलती रहीं। इसके बावजूद रोडवेज चौराहा जाम रहा। अन्य वाहन चालकों को परेशानी हुई।