फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मुख्यमंत्री जी....गड्ढा मुक्त नहीं हो पाईं सड़कें, बुजुर्ग महिला की चली गई जान

विज्ञापन
विज्ञापन
बदायूं। योगी सरकार ने आते ही प्रदेश की सड़कों को गड्ढा मुक्त किए जाने के आदेश दिए थे। एक निर्धारित समय देते हुए उन्होंने सभी सड़कों को उस समयावधि में गड्ढा मुक्त करने को कहा था, लेकिन विभागीय अधिकारियों ने उन आदेशों को हवा में उड़ा दिया। मुख्य मार्गों की हालत तो छोड़िए, शहर के अंदर की सड़कें तक गड्ढा मुक्त नहीं हो पाईं। कई सड़कों की हालात यहां तक खराब है कि वहां पर गड्ढे 10-15 फिट लंबाई और चौड़ाई में हो गए हैं। ये काफी गहरे भी हैं, जिस कारण वहां से सही ढंग से पैदल तक गुजरना मुश्किल है। ई-रिक्शा और स्कूली बच्चों के छोटे वाहन भी इन गड्ढों में फंस जाते हैं। ऐसे में यह कहना भी मुश्किल है कि सड़कों में गड्ढे हैं या गड्ढों मेें सड़क। पिछले कुछ महीनों से बारिश के मौसम में तो हालत और ज्यादा खराब हो गई है। बिसौली में ऐसी ही एक सड़क पर गड्ढे में बाइक अनियंत्रित हुई, जिससे एक बुजुर्ग महिला की जान चली गई। बुजुर्ग महिला अपने नाती के साथ बाइक पर जा रही थी।
विज्ञापन

यातायात व्यवस्था ठप, दो किमी का चक्कर लगा रहे वाहन
मुरादाबाद-फर्रुखाबाद हाईवे पर खेड़ा नवादा पुलिस चौकी के नजदीक काफी समय से जलभराव की स्थिति बनी हुई थी। सड़क पर काफी बड़े-बड़े गड्ढे हो गए थे। इससे लोगों को निकलने में दिक्कत हो रही थी। स्थानीय लोगों की शिकायत पर शुक्रवार शाम एडीएम प्रशासन रामनिवास शर्मा और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने जेसीबी मंगवाकर सड़क खुदवा डाली। सड़क पर भरा पानी तो निकल गया है, लेकिन लोगों को इससे काफी दिक्कत हो गई है। चार पहिया से लेकर बड़े वाहनों को दो किमी चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। बाइक सवार आसपास की पतली गलियों से निकल रहे हैं।
मझिया रोड पर वाहनों का फंसना आम बात
-बदायूं से वाया मझिया होकर दातागंज जाने वाले रोड की दशा तो पिछले कई महीनों से खराब है। पांच-छह किलोमीटर के दायरे में तो गड्ढों में सड़क को खोजना मुश्किल हो जाता है। दातागंज की ओर जाने वाले वाहन एक बार भी इस रोड पर होकर गुजर जाएं तो अगली बार चालक खुद ही जाने से मना कर देता है या फिर दूसरे रास्ते से लंबी दूर तय कर निकलता है।
विज्ञापन

मंडी समिति के पास तो सड़क ही लापता
-मुरादाबाद-फर्रुखाबाद मार्ग शहर से होकर गुजरता है। खासकर मंडी समिति के आसपास सड़क का एक बड़ा हिस्सा लापता हो गया है। बजरी की बजाय कंकरीट ही दिखती है। नुकीले कंकरीट पर होकर कोई पैदल भी नहीं गुजर सकता। जबकि इसी रास्ते से मंडी आने-जाने वाले वाहनों की संख्या भी सैकड़ों में रहती है। भारी वाहन चालक भी परेशान हैं।
पहले सड़कें ठीक थी, तो कहीं भी जाते थे, एक निश्चित समय था, उसके तहत पहुंचते थे, लेकिन अब हालात कुछ और है। सड़क में हो रहे गड्ढ़ों की वजह से कितना समय लग जाए, पता ही नहीं।
-भृगुवंश जौहरी, कुवरगांव
शासन की ओर से सड़कों पर निगरानी रखने के लिए एप बनाया गया, लेकिन जिले के अधिकारियों पर उस एप का भी कोई असर दिखाई नहीं दे रहा है।
-अवनीश कुमार शर्मा, सिविल लाइन
सड़कों के हालात बेहद खराब है। इन पर वाहनों को चलाने में बहुत परेशानी होती है, हर कदम पर तो गड्ढे है, सड़क का कहीं पर अता-पता नहीं है। काफी शिकायतों के बाद भी विभाग ध्यान नहीं दे रहा।
-संतोष, जवाहरपुरी
इस समय सड़कों तका हाल बहुत बुरा है। कोई सी भी सड़क ले लो, हर सड़क पर गड्ढे हैं, ऐसे में वाहन जल्दी खराब होते हैं। इससे वाहनों के रखरखाव का खर्च और बढ़ने लगा है।
-पूरन सिंह, ब्राह्मपुर
मंडी समिति और खेड़ा नवादा पर सड़क को ठीक करने का काम चल रहा है। रही बात बदायूं मझिया रोड की, तो उसके लिए शासन को स्टीमेट बनाकर भेजा है, जो करीब साढ़े आठ करोड़ रुपये का है। जैसे ही यह शासन से पास हो जाता है, उसके बाद में सड़क को बनाने का काम शुरू किया गया जाएगा।-
हेमंत सिंह, अधिशासी अभियंता, पीडल्ब्यूडी
गड्ढे में बाइक उछलने से गिरी वृद्घ महिला की मौत
बदायूं। मुरादाबाद-फर्रुखाबाद हाईवे पर सोमवार सुबह एक वृद्ध महिला की बाइक से गिरकर मौत हो गई। बाइक सड़क पर बने एक गड्ढे मेें जाकर उछल गई, जिससे महिला अनियंत्रित होकर बाइक से गिर गई और कुछ ही देर में उसने दम तोड़ दिया। इससे परिवार वालों में कोहराम मच गया। उन्होंने शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया है। वह बगैर पोस्टमार्टम के शव को घर ले गए। उघैती थाना क्षेत्र के ग्राम चनी रायपुर निवासी जयरामश्री (65) पत्नी फूल सिंह सोमवार सुबह अपने नाती विपिन कुमार के साथ बाइक पर बैठकर शहर आ रही थीं। रास्ते में मुरादाबाद-फर्रुखाबाद हाईवे पर बिसौली कोतवाली क्षेत्र में दिसौलीगंज के प्राथमिक स्कूल के सामने सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं। जैसे ही बाइक स्कूल के सामने से गुजरी कि तभी एक गड्ढे में बाइक का पहिया जाने से वह उछल गई और जयरामश्री सिर के बल सड़क पर जा गिरीं। इससे उनके सिर में गंभीर चोटें आईं। महिला की मौके पर ही मौत हो गई। इसकी सूचना पर महिला के परिवार वाले और पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने को कहा लेकिन परिवार वालों ने पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया। परिजन शव को बगैर पोस्टमार्टम के घर ले गए। बताते हैं कि जिस जगह यह हादसा हुआ था, वहां एक दिन पहले इन्हीं गड्ढों की वजह से एक रोडवेज बस पोल से टकरा गई थी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें