बिल्सी सीट से तीन, दातागंज से दो, सहसवान-बिसौली से एक-एक नामांकन पत्र निरस्त
बिल्सी से राष्ट्रीय लोकदल के प्रत्याशी मनोज उपध्याय और सहसवान से पीस पार्र्टी के अबू शादाब समेत सात लोगों के नामांकन खारिज कर दिए गए हैं। इन प्रत्याशियों की सूची रिटर्निंग आफिसर ने नामांकन कक्षों के बाहर चस्पा कर दी है।
जिले की सभी छह विधानसभा सीटों पर 76 नामांकन पत्र दाखिल किए गए थे। सोमवार को नामांकन पत्रों की जांच होने के बाद बिल्सी में तीन, दातागंज में दो, सहसवान एवं बिसौली में एक-एक नामांकन पत्र निरस्तहुआ। बिल्सी विधानसभा से रालोद प्रत्याशी मनोज उपाध्याय ने प्रस्तावक दूसरी विधानसभा का लगा दिया। इसके अलावा जिले से बाहर के प्रत्याशी होने के बावजूद मतदाता सूची की सत्यापित प्रति भी उन्होंने नामांकन पत्र के साथ नहीं लगाई। उन्होंने अतिरिक्त शपथ पत्र भी नहीं दिया। इसलिए पर्चा निरस्त किया गया। भारतीय भाईचारा पार्टी की सावित्री ने नामांकन के दौरान नामांकन फीस 10 हजार रुपये जमा नहीं की। निर्दलीय जसवीर की ओर से प्रस्तावक पूरे नहीं थे और शपथ पत्र नोटरी से प्रमाणित नहीं था। दातागंज विधानसभा सीट से राष्ट्रीय क्रांति पार्टी की लता यादव ने 10 के बजाय केवल चार प्रस्तावकों के साथ नामांकन कराया। सर्व समभाव पार्टी के अवधेश कुमार ने शपथ पत्र ही जमा नहीं किया।
सहसवान विधानसभा सीट पीस पार्टी के अबू शादाब ने केवल एक प्रस्तावक के साथ नामांकन करा दिया। जबकि नियमानुसार उनको 10 प्रस्तावक प्रस्तुत करने चाहिए थे, इसलिए उनका पर्चा निरस्त किया गया। बिसौली सुरक्षित विधानसभा सीट निर्दलीय नामांकन कराने वाले राजेंद्र सिंह राजू की ओर से प्रस्तुत किए गए धनगर जाति के प्रमाणपत्र को आरओ ने अमान्य घोषित कर दिया। इस वजह से इनका पर्चा निरस्त कर दिया गया।