बेहतरीन प्रदर्शन पर सिवली को मैन ऑफ द मैच देते आयोजक। संवाद
बिल्सी। बदायूं बस स्टैंड के निकट मैदान पर चल रहे टी-10 क्रिकेट टूर्नामेंट में रविवार को रियाज क्लब और पॉवर हिटर क्लब के मध्य मैच खेला गया। इसमें रियाज क्लब ने पॉवर हिटर क्लब को छह विकेट से हराकर मैच जीत लिया। यहां सबसे पहले रियाज क्लब के कप्तान अनीश अंसारी ने टॉस जीतकर पहले फील्डिंग करने का निर्णय लिया।
पहले खेलते हुए पॉवर हिटर क्लब ने निर्धारित 10 ओवर में तीन विकेट खोकर 119 रनों का स्कोर बनाया। टीम की ओर से जानू ने 11 छक्के और दो चौकों की मदद से 85 रन बनाए। इसके अलावा कप्तान नदीम अहमद ने 10, योगेश ने 10, जोनी और फहाद ने दो-दो रन बनाए। वहीं, रियाज क्लब की ओर से गेंदबाजी करते हुए अरुण नाथ, इंद्रजीत एवं सिवली ने एक-एक विकेट लिया।
इसके बाद 120 रन का लक्ष्य लेकर मैदान पर उतरी रियाज क्लब ने धुंआधार पारी की शुरुआत करते हुए मात्र चार विकेट खोकर लक्ष्य को आसानी से हासिल कर लिया। इसमें सिवली ने 26 गेंदों पर 12 छक्के और एक चौके की सहायता से 85 रन का स्कोर बनाया। इसके अलावा मोनी पंडित ने 10, सोमवीर ने 19 रन बनाए।
वहीं पॉवर हिटर की ओर से गेंदबाजी करते हुए योदेश लाला ने दो और जानू ने एक विकेट लिया। इस प्रकार रियाज क्लब को छह विकेट से विजयी घोषित किया गया। टीम की ओर से बेहतरीन प्रदर्शन पर सिवली को मैन ऑफ द मैच दिया गया। इस मौके पर विशाल ठाकुर, मंयक जैन, इकरार अहमद, रोहित शर्मा, वसीम कुरैशी, सुरेंद्र सिंह, संजय कुमार, जीतू सैनी, समीर कादरी आदि मौजूद रहे।