सीडीओ ने शत प्रतिशत पोषाहार वितरण पर जताई हैरानी
मुख्य विकास अधिकारी अच्छे लाल सिंह यादव ने बाल विकास विभाग के अधिकारियों और कार्यकत्रियों को निर्देश दिए कि यदि पुष्टाहार वितरण में हेराफेरी की शिकायत मिले तो जांच करके दोषियों के के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाए।
शनिवार को कलक्ट्रेट स्थित सभा कक्ष में सीडीओ ने हौसला पोषण योजना की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने पुष्टाहार का स्टाक निल होने पर आश्चर्य व्यक्त करते हुए कहा कि जब आंगनबाड़ी केंद्रों में शत-प्रतिशत बच्चों की उपस्थिति ही नहीं है, तो शत प्रतिशत पोषाहार कैसे वितरण हो जाता है? इस पर विभागीय अधिकारी कोई संतोषजनक उत्तर नहीं दे सके। जिला चिकित्सालय स्थित पोषण पुर्नवास केंद्र में भर्ती एक अतिकुपोषित बच्चे का मात्र 14 दिन में आठ सौ ग्राम वजन बढ़ने से संबंधित चिकित्सक द्वारा रिपोर्ट दी तो सीडीओ सहित बैठक में मौजूद सभी अधिकारी स्तब्ध रह गए। सीडीओ ने भविष्य में फर्जी रिपोर्ट न दिए जाने की चेतावनी दी है।
जनपद के 2,937 आंगनबाड़ी केंद्रों पर 3,59,101 बच्चे पंजीकृृत हैं। गत माह अगस्त में 3,20,706 बच्चों का वजन कराया गया था, जिसमें 2,60,684 बच्चे सामान्य श्रेणी, 46,898 आंशिक कुपोषित और 13,124 गंभीर कुपोषित पाए गए। ग्रामीण क्षेत्रों में स्थापित 2,413 आंगनबाड़ी केंद्रों पर हौसला पोषण योजना संचालित की जा रही है, जिसमें गत माह अगस्त में 2,152 केंद्रों पर बच्चों और गर्भवती महिलाओं को भोजन वितरण किया गया। बैठक में कई विभागीय अधिकारियों द्वारा स्वयं उपस्थित न होकर अपने प्रतिनिधियों को भेजने पर सीडीओ ने कड़ी नाराजगी जताई और भविष्य के लिए चेतावनी दी कि पुनरावृृत्ति होने पर कार्रवाई अवश्य की जाएगी। बैठक में सीएमओ सुनील कुमार, डीआरडीए के परियोजना निदेशक रविंद्र नाथ सिंह यादव, जिला कार्यक्रम अधिकारी निर्मल शर्मा सहित सभी नोडल अधिकारियों और सीडीपीओ मौजूद रहीं।