प्रतियोगिताओं के विजेता पुरस्कृत, मेधावी भी सम्मानित
उझानी (बदायूं)।
महाराजा अग्रसेन जयंती महोत्सव का बृहस्पतिवार रात सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बीच आपसी एकजुटता के संकल्प के साथ समापन हो गया। इस दौरान विजेताओं को पुरस्कृत किया गया तो मेधावियों को सम्मानित। समिति पदाधिकारियों ने महिलाओं के योगदान की तारीफ की। कहा-समाज को नई दिशा प्रदान करने के लिए सभी को सामूहिक जिम्मेदारी निभानी होगी।
महाराजा अग्रसेन श्रवण कुमार अग्रवाल धर्मशाला परिसर में समापन समारोह शुरू होने से पहले अग्रवाल सेवा समिति के अध्यक्ष विमलकृष्ण अग्रवाल ने महाराजा अग्रसेन के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित किया। कहा-महाराजा अग्रसेन के विचारों को जीवन में उतारने से सुख और शांति का अहसास होता है। डॉ. एमएसए अग्रवाल ने महिलाओं के योगदान की तारीफ की। पूर्व राज्यमंत्री ने मेधावी छात्र और छात्राओं को सम्मानित किया। महोत्सव के दौरान हुई विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत किया गया।
नृत्य प्रतियोगिताओं के विजेता छात्र और छात्राओं ने समापन पर भी अपनी पेशकश से मनमोह लिया। एपीएस इंटरनेशनल स्कूल के बच्चों ने देशभक्ति के गीत से दर्शकों को भाव विभोर किया। महोत्सव के तहत विशेष योगदान के लिए महिला समिति की पदाधिकारियों ने निवर्तमान पालिकाध्यक्ष पूनम अग्रवाल समेत सजातीय महिलाओं को सम्मानित किया। आतिशबाजी भी हुई। इस मौके पर प्रदीप गोयल, प्रवीण कुमार मित्तल, अरुण अग्रवाल, उदय सिंघल, सचिन अग्रवाल, विष्णु भगवान अग्रवाल, नीलांशु अग्रवाल, राजकुमार बंसल, अवनीश गोयल, पवनीश गोयल, ज्ञानचंद्र अग्रवाल, रमेशचंद्र बंसल, निखिल अग्रवाल, ऊषा गोयल, शशि गर्ग, रिया गोयल आदि मौजूद थे।