बदायूं। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के आदेश पर थाना इस्लामनगर पुलिस ने तीन अध्यापकों के खिलाफ मारपीट, गालीगलौज और धमकी देने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया है। कार्रवाई सहायक अध्यापक सतीश कुमार दुबे की ओर से न्यायालय में दिए गए प्रार्थनापत्र पर की गई है।
संभल जिले के कस्बा व कोतवाली चंदौसी सीता आश्रम रोड के रहने वाले सतीश कुमार दुबे ने मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के न्यायालय में प्रार्थनापत्र देकर बताया कि उनकी शिक्षा विभाग में नियुक्ति 17 नवंबर 2003 को हुई थी। वर्तमान में वह उच्च प्राथमिक विद्यालय रफातपुर, विकास खंड इस्लामनगर में सहायक अध्यापक के पद पर कार्यरत हैं।
इसी विद्यालय में मोनिका वार्ष्णेय सहायक अध्यापिका के पद पर तैनात थीं, जिनकी नियुक्ति 18 फरवरी 2009 को हुई थी। इस प्रकार मोनिका वार्ष्णेय उनसे कनिष्ठ अध्यापिका हैं, फिर भी खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) इस्लामनगर और बेसिक शिक्षा अधिकारी बदायूं ने नियमों की अनदेखी कर उन्हें प्रधानाध्यापक का कार्यभार सौंप दिया।
सतीश कुमार ने 30 अगस्त 2025 को बीईओ व तीन सितंबर को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को आपत्ति पत्र दिया था। इसके बाद से मोनिका वार्ष्णेय उनके पति राजीव शर्मा निवासी फतेहपुर समसोई हाल आवास विकास कॉलोनी, चन्दौसी और खंड शिक्षा अधिकारी इस्लामनगर उनसे रंजिश मानने लगे।
मोनिका वार्ष्णेय विद्यालय में उनका उत्पीड़न करने लगीं और अवकाश आवेदन जानबूझकर निरस्त करने लगीं। 27 अगस्त 2025 को सुबह करीब 11:40 बजे बुखार और पेट दर्द के दौरान जब वे नलकूप की ओर गए तो मोनिका वार्ष्णेय ने गालियां देते हुए डंडे से हमला कर दिया। ग्रामीणों ने बीच-बचाव कराया। बाद में चन्दौसी लौटते समय सिठौली गांव के पास मोनिका वार्ष्णेय, उनके पति राजीव शर्मा और खंड शिक्षा अधिकारी राजेन्द्र प्रसाद ने उन्हें गाड़ी से उतारकर लाठी-डंडों से पीटा और धमकी दी कि यदि प्रधानाध्यापक की शिकायत की तो झूठे मुकदमे लगाकर जेल भिजवा देंगे। शिकायतों पर कार्रवाई न होने से सतीश कुमार ने न्यायालय की शरण ली। अब कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने तीनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।