बिल्सी। बादशाहपुर गांव में दहेज के लिए विवाहिता की हत्या कर तालाब किनारे शव जलाने के मामले में पति समेत दस लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
बिल्सी के मोहल्ला संख्या तीन निवासी सोहनपाल के मुताबिक उन्होंने अपनी भतीजी रजनी मौर्य की शादी छह साल पहले क्षेत्र के गांव बादशाहपुर निवासी सोमेंद्र उर्फ श्याम के साथ की थी। शादी के कुछ दिन बाद ही ससुराल वाले दहेज की मांग करते हुए उसे उत्पीड़ित करने लगे। कुछ दिन पहले मारपीट की तो उन्होंने उसके ससुराल वालों को समझाया मगर वे नहीं माने।
इसके बाद रजनी का फोन आया कि अब उससे पांच लाख रुपये लाने की मांग कर रहे हैं। रविवार को उन्हें ग्रामीणों से रजनी की हत्या कर तालाब किनारे शव जलाने की सूचना मिली। वह रजनी की ससुराल पहुंचे तो ससुराल वाले घर से फरार थे। पुलिस ने तहरीर के आधार पर पति सोमेंद्र उर्फ श्यामु, देवर प्रेम नारायण, मानवेंद्र, भुवनेश्वर, ननद राधा, सास मंगलश्री और ससुर योगेंद्र आदि के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है। मामले में एसएचओ अशोक कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है।